कलकत्ता हाई कोर्ट ने तृणमूल कांग्रेस सांसद और पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी को पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में दर्ज छह आपराधिक मामलों में बड़ी राहत दी है। कोर्ट ने इन मामलों में दंडात्मक कार्रवाई से मिली अंतरिम राहत की अवधि 26 फरवरी 2027 तक बढ़ा दी है।

सोमवार (23 नवंबर) को जस्टिस सौगत भट्टाचार्य ने इस साल मई के बाद से बनर्जी के खिलाफ दर्ज छह मामलों के संबंध में उनकी ओर से दायर दो अलग-अलग याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह अंतरिम राहत बढ़ाई। डायमंड हार्बर से सांसद बनर्जी को मिली यह राहत 26 फरवरी 2027 तक या अदालत के अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, लागू रहेगी।

जस्टिस भट्टाचार्य ने तीन मामलों में 25 अगस्त को दी गई अंतरिम राहत की अवधि बढ़ाने संबंधी याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि जांच अभी पूरी नहीं हुई है और परिस्थितियों में ऐसा कोई बदलाव नहीं आया है जिसके आधार पर राहत की अवधि बढ़ाने से इनकार किया जाए। इन तीन मामलों में भवानीपुर, विष्णुपुर और कालीतला थानों में दर्ज प्राथमिकियों के संबंध में पुलिस को बनर्जी के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने से रोका गया है।

इन तीन मामलों में राज्य सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त महाधिवक्ता बिलवदल भट्टाचार्य ने अदालत को बताया कि 25 अगस्त के आदेश को चुनौती देते हुए उच्चतम न्यायालय में विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर की गई है, जो विचाराधीन है। बनर्जी के वकील गोपाल शंकरनारायणन ने राहत बढ़ाने का अनुरोध करते हुए कहा कि उच्चतम न्यायालय में लंबित एसएलपी में खामियां हैं। राज्य सरकार ने इस अनुरोध का विरोध किया। दक्षिण 24 परगना जिले के रवींद्रनगर और विष्णुपुर थानों में दर्ज तीन अन्य मामलों में राज्य सरकार ने दो मामलों की जांच में हुई प्रगति का विवरण देने वाले दस्तावेज अदालत में पेश किए। इन तीन मामलों में बनर्जी को सात सितंबर को दी गई अंतरिम राहत की अवधि बढ़ाने का अनुरोध किया गया था, जिसका राज्य सरकार की ओर से पेश अतिरिक्त महाधिवक्ता राजदीप मजूमदार ने विरोध किया।