आजाद समाज पार्टी के प्रमुख और नगीना से लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद के अखिल भारतीय विद्यापरिषद (एबीवीपी) से जुड़े होने के दावे पर संगठन ने खंडन जारी किया है। एबीवीपी ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद का उससे कभी कोई संबंध नहीं रहा और न ही वे कभी कार्यकर्ता रहे। संगठन ने यह दावा करने वाली पत्रकार स्वाति चतुर्वेदी पर कांग्रेस की विचारधारा के अनुरूप पत्रकारिता करने और राजनीतिक नैरेटिव गढ़ने का आरोप लगाया।
एबीवीपी ने बयान में कहा कि स्वाति चतुर्वेदी द्वारा एक व्यक्ति को संगठन से जोड़कर प्रस्तुत करना पूरी तरह निराधार है। संगठन ने कहा कि बिना तथ्यात्मक आधार के किसी व्यक्ति को एबीवीपी से जोड़कर उसकी छवि प्रभावित करने का प्रयास भ्रामक नैरेटिव खड़ा करने जैसा है। बयान में यह भी कहा गया कि स्वाति चतुर्वेदी कांग्रेस के दौर में सक्रिय रहीं और उसकी विचारधारा के अनुरूप पत्रकारिता करती रही हैं।
बताया जाता है कि एक न्यूज चैनल पर स्वाति चतुर्वेदी ने कहा था कि चंद्रशेखर आजाद पहले एबीवीपी से जुड़े थे और भाजपा दलित वोट कटवाने के लिए उनका इस्तेमाल कर रही है। यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस बीच चंद्रशेखर आजाद ने भी एबीवीपी से जुड़े होने की बात पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि अगर कोई यह साबित कर दे तो वे राजनीति छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि वे छात्र राजनीति से जुड़े रहे, लेकिन एबीवीपी से उनका कभी कोई संबंध नहीं रहा।
इस बीच चंद्रशेखर आजाद ने विधानसभा प्रभारियों की तीसरी सूची जारी की है, जिसमें 34 लोगों के नाम शामिल हैं। सूची में शामिल सभी लोग पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समुदाय से आते हैं।
