अरुणाचल प्रदेश के सियांग घाटी में प्रस्तावित मेगा बांध के विरोध के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को भरोसा दिलाया कि प्रदर्शनकारियों की चिंताओं का समाधान बातचीत के जरिए किया जाएगा और परियोजना पर स्थानीय लोगों को विश्वास में लेकर ही आगे बढ़ा जाएगा। इटानगर में अरुणाचल प्रदेश पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करने के समारोह में शाह ने कहा कि उन्हें इस प्रोजेक्ट को लेकर स्थानीय समुदायों की आशंकाओं की जानकारी है और वह खुद लोगों की चिंताओं को समझने तथा उनका समाधान निकालने के लिए अरुणाचल आए हैं।
गृह मंत्री ने 11,200 मेगावाट क्षमता वाली सियांग अपर मल्टीपर्पज परियोजना (SUMP) को देश और अरुणाचल प्रदेश के विकास के लिए अहम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट की भूमिका काफी अहम होगी, लेकिन स्थानीय लोगों की भावनाओं और पहचान का भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। शाह ने साफ किया कि क्षेत्र की परंपराओं, संस्कृति और धार्मिक पहचान से किसी तरह का समझौता नहीं होगा और कोई भी फैसला स्थानीय निवासियों को साथ लेकर ही किया जाएगा। उन्होंने बांध से प्रभावित होने की आशंका वाले लोगों के लिए देश के सबसे बेहतर पुनर्वास और पुनर्स्थापन पैकेज में से एक देने का भरोसा भी दिया।
शाह का यह बयान ऐसे समय आया है जब परियोजना के विरोध में पूर्वी सियांग जिले में प्रदर्शन हिंसक हो चुके हैं। अक्टूबर में प्रदर्शनकारियों ने सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी के कार्यालय में आग लगा दी थी, एक पुलिस थाने को आग के हवाले कर दिया गया और तीन राजनीतिक नेताओं के आवासों में तोड़फोड़ की गई। इस दौरान पुलिसकर्मी भी घायल हुए थे। इससे पहले 12 घंटे के बंद के दौरान भी तनाव की स्थिति बनी थी। इसके एक दिन पहले पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े थे, जिसमें चार लोग घायल हो गए थे।
मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने हिंसा की निंदा करते हुए प्रदर्शनकारियों से अपनी मांगें शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से उठाने की अपील की थी। स्थानीय लोगों का विरोध मुख्य रूप से इस आशंका को लेकर है कि बांध बनने से उन्हें अपने घर और जमीन छोड़नी पड़ सकती है। इसके अलावा क्षेत्र के नाजुक पर्यावरण और पुश्तैनी जमीन के पानी में डूबने की भी चिंता जताई जा रही है। दूसरी ओर, केंद्र और राज्य सरकार इस परियोजना को रणनीतिक लिहाज से भी अहम मानती हैं और उनका मानना है कि तिब्बत में चीन की ओर से बड़े पैमाने पर जलविद्युत परियोजनाएं विकसित किए जाने के बीच सियांग परियोजना भारत के हितों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा सकती है। आदि समुदाय का प्रतिनिधित्व करने वाले संगठन और सियांग इंडिजिनस फार्मर्स फोरम ने अमित शाह को संयुक्त ज्ञापन भी सौंपा है।
