अभिनेता अर्जुन सरजा ने अपनी बड़ी बेटी ऐश्वर्या सरजा को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों और उन्हें शराबी बताने के दावों पर सख्त प्रतिक्रिया दी है। गुरुवार को जारी एक आधिकारिक बयान में उन्होंने इन आरोपों को गैर-जिम्मेदाराना और आपत्तिजनक बताया और कहा कि इस मामले में संबंधित अधिकारियों के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है।

सरजा ने कहा कि पब्लिक स्क्रूटनी के नाम पर किसी को भी मनगढ़ंत कहानियां गढ़ने या किसी को बदनाम करने का हक नहीं है। उन्होंने कहा कि बिना किसी आधार के एक महिला को शराबी कहना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि परिवार ने शुरुआत में चुप रहना उचित समझा, लेकिन चुप्पी को कभी स्वीकृति नहीं माना जाना चाहिए।

अभिनेता ने कहा कि यह मामला सिर्फ उनकी बेटी का नहीं, बल्कि हर उस महिला के सम्मान का है जिसकी गरिमा पर सवाल उठाए जाते हैं और जिसकी व्यक्तिगत पसंद को सार्वजनिक फैसले का विषय बना दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को परिवार का समर्थन नहीं मिलता, उनके लिए ऐसे आरोप बेहद नुकसानदेह हो सकते हैं।

गौरतलब है कि ऐश्वर्या और उनके पति उमापति रमैया के बीच अनबन की खबरें सामने आ रही हैं। मामले को तूल तब मिला जब खबरें आईं कि उमापति ऐश्वर्या की छोटी बहन अंजना की शादी में नहीं आए। सोशल मीडिया पर यह भी कहा जा रहा है कि ऐश्वर्या ने इस साल उमापति को बधाई नहीं दी। इन्हीं आधारों पर कई चैनल और यूट्यूब चैनल अलगाव और तलाक की खबरें चला रहे हैं। ऐश्वर्या और उमापति की शादी 10 जून, 2024 को चेन्नई में हुई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक दोनों की पहली मुलाकात रियलिटी टीवी शो 'सर्वाइवर' के दौरान हुई थी, जिसे अर्जुन सरजा होस्ट कर रहे थे।