बांग्लादेश में शेख हसीना की वापसी की खबरों के बीच राजनीतिक तनाव चरम पर बना हुआ है। रिपोर्ट्स के मुताबिक आवामी लीग के चार वरिष्ठ नेता रविवार सुबह 9 बजे कोलकाता के लिए निकल सकते हैं और अगले दो से तीन दिन में त्रिपुरा के अगरतला बॉर्डर पर जा सकते हैं। ये नेता भारत-बांग्लादेश सीमा पार करने के लिए उपयुक्त रास्ते की तलाश में बताए जा रहे हैं। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि शेख हसीना कब बांग्लादेश लौट सकती हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार भारत आने वाले नेताओं में जहांगीर कबीर नानक और मुजफ्फल हुसैन चौधरी माया शामिल हैं। इनके अलावा पार्टी के संयुक्त महासचिव एएफएम बहाउद्दीन नसीम और पूर्व सांसद अलाउद्दीन अहमद चौधरी नासिम भी भारत आ रहे हैं। ये सभी नेता शेख हसीना के करीबी माने जाते हैं।

गौरतलब है कि बांग्लादेश में सरकार विरोधी हिंसा और तख्तापलट के बाद शेख हसीना 5 अगस्त 2024 को भारत आई थीं। इसके बाद देश की कमान अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस को दी गई। फरवरी में बांग्लादेश में आम चुनाव हुए, जिनमें बीएनपी की जीत हुई और तारिक रहमान प्रधानमंत्री बने।

शेख हसीना द्वारा बांग्लादेश वापसी का ऐलान किए जाने के बाद वहां तनाव बढ़ गया है और आगजनी की घटनाएं सामने आ रही हैं। शुक्रवार को कालिया नगरपालिका में हुई हिंसा में करीब 50 घर जल गए। बीएनपी के दो कार्यकर्ताओं की मौत के बाद यह हिंसा भड़की बताई जा रही है। बीएनपी सरकार ने शेख हसीना की वापसी के लिए दस्तावेज देने से इनकार कर दिया है और कहा है कि उन्हें कानून का पालन करना होगा। एक ट्राइब्यूनल ने प्रदर्शनों के दौरान हत्या का आदेश देने और लोगों को उकसाने के आरोप में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी, जबकि जमीन घोटाले के आरोप में 21 साल कैद की सजा दी गई है।