बारामूला ज़िले के रहने वाले इरफ़ान हसन शाह का शव पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर (पीओके) में नीलम नदी से मिला है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने शव मुज़फ़्फ़राबाद में रह रही उनकी पत्नी और बच्चों को सौंप दिया है। अधिकारियों के मुताबिक़, इरफ़ान पत्नी और बच्चों से मिलने की कोशिश में नदी में डूबे थे। खबरों के अनुसार, 23 नवंबर की सुबह नीलम ज़िले के केरन इलाक़े से बहने वाली नीलम नदी से शव निकाला गया। डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की टीम ने स्थानीय पुलिस और अन्य की मदद से शव को बाहर निकाला। मृतक की जेब से भारत सरकार का पहचान पत्र मिला, जिसके आधार पर उनकी पहचान रफ़ियाबाद डंगीवच्छा निवासी के रूप में हुई।
भारत सरकार ने अप्रैल 2025 में पहलगाम हमले के बाद इरफ़ान की पत्नी और बच्चों को पाकिस्तानी नागरिक होने के कारण डिपोर्ट कर दिया था, जिसके बाद परिवार मुज़फ़्फ़राबाद में रहने लगा था। इरफ़ान भारतीय नागरिक थे, इसलिए वे बारामूला में ही रह गए थे। इरफ़ान के बच्चों का दावा है कि उनके पिता समय-समय पर उनसे संपर्क करते थे और करीब 15 दिन पहले आख़िरी बार बात हुई थी। उस दौरान इरफ़ान ने कहा था कि तमाम रुकावटों के बावजूद वे हर हाल में पीओके पहुंचने की कोशिश करेंगे।
शव मिलने के बाद इस बात पर विवाद शुरू हो गया कि भारतीय नागरिक होने के कारण शव भारतीय अधिकारियों को सौंपा जाए या मुज़फ़्फ़राबाद में रह रही उनकी पत्नी और बच्चों को। असिस्टेंट कमिश्नर अथकमाम चौधरी बशारत ने बताया कि जम्मू कश्मीर में रह रहे इरफ़ान के भाई और बहनों की सहमति के बाद शव उनकी पत्नी और बच्चों को सौंपा गया। उनके मुताबिक़, जब मृतक की पत्नी और बच्चे मौजूद हों, तो विरासत के अधिकार के लिहाज़ से वे सबसे पहले हक़दार होते हैं। ज़रूरी मंज़ूरी और क़ानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिवार को सौंपा गया, जिसमें तीन दिन लगे। इसके बाद मुज़फ़्फ़राबाद में इरफ़ान की नमाज़-ए-जनाज़ा अदा की गई। स्थानीय लोगों के मुताबिक़, यह सिर्फ़ एक घटना नहीं, बल्कि अलग हुए एक परिवार की जुदाई और आख़िरी बार मिलने की चाहत की दर्दनाक कहानी है।
