पश्चिम बंगाल में हिंगलगंज से भाजपा विधायक रेखा पात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। सूत्रों के मुताबिक उन्हें आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है और उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शनिवार देर रात संदेशखाली स्थित अपने घर पर विधायक की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें तुरंत संदेशखाली के सैंडलबिल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत बिगड़ने पर उन्हें बशीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भेजा गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें कोलकाता लाया गया।

सूत्रों का दावा है कि उन्हें ऑक्सीजन और सलाइन सपोर्ट पर रखा गया था और स्थानांतरण के दौरान भी वे होश में नहीं थीं। उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने के कारणों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। परिवार और भाजपा नेतृत्व उनकी स्थिति को लेकर चिंतित हैं।

स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी भी अस्पताल पहुंचे।