पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के निमता थाना क्षेत्र से पुलिस ने तीन बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक दंपती और उनका बेटा शामिल है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई एसआईआर से जुड़ी जानकारी जुटाने के दौरान की गई। घटना शुक्रवार को निमता के बड़ा फिंगा इलाके में हुई।
पुलिस ने तीनों के पास से बांग्लादेश के वोटर कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार लोगों की पहचान 60 वर्षीय लियाकत अली मोल्ला, उनकी पत्नी नार्गिस बीबी और बेटे हुमायूं कबीर मोल्ला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों मूल रूप से बांग्लादेश के रहने वाले हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एसआईआर संबंधी जानकारी जुटाते समय इस परिवार की गतिविधियों पर संदेह हुआ। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में सामने आया कि तीनों बिना वैध दस्तावेज के निमता में किराये के मकान में रह रहे थे। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उन्होंने करीब 20 साल पहले अवैध तरीके से सीमा पार कर भारत आने की बात स्वीकार की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।
