बेंगलुरु में एक 18 साल के युवक की उसके पिता ने कथित तौर पर हथौड़े से मारकर और चाकू से हमला करके हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने अपनी पत्नी को भी मारने की कोशिश की और उसे फ्लैट के एक कमरे में चार दिन तक बंद रखा। यह घटना 16 नवंबर की रात की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, यह मामला बेंगलुरु के पद्मनाभनगर स्थित राघवेंद्र लेआउट के SRRK तुलसी अपार्टमेंट का है, जहां यह दंपती अक्टूबर 2024 से किराए पर रह रहा था। मकान मालिक के मुताबिक, पिछले छह महीनों से परिवार में अक्सर झगड़े होते थे और पड़ोसियों ने कई बार इसकी शिकायत भी की थी।
मकान मालिक के मुताबिक, 19 नवंबर को जब वह फ्लैट पर पहुंचा, तो काफी देर घंटी बजाने के बाद भी किसी ने दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पुलिस को बुलाया गया और रात 11 बजे ताला खोलने वाले को बुलाकर दरवाजा खोला गया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी पिता के खिलाफ हत्या और पत्नी को बंद कर रखने से जुड़ी कार्रवाई की जा रही है।
