भोपाल में ड्रग तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी है। राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने पिछले एक महीने के दौरान एक विदेशी नागरिक समेत सात तस्करों को पकड़ा है। मंगलवार को दिल्ली से बस में 3.016 किलोग्राम एम्फेटामाइन लेकर आ रहे एक युवक को भोपाल-ब्यावरा मार्ग पर सोनकच्छ टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया गया। बताया जाता है कि उसने ड्रग को लैपटॉप बैग के गुप्त खांचे में छिपाया था। आरोपित से पूछताछ की जा रही है और डीआरआई ने उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया है।

वहीं, भोपाल क्राइम ब्रांच ने 14.19 ग्राम एमडी के साथ महिला इंजीनियर श्रद्धा चौकीकर और राजेंद्र राय को गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, श्रद्धा ने भोपाल के एक कॉलेज से बीई किया और पढ़ाई के दौरान कुछ छात्रों के संपर्क में आकर नशे की आदी हुई। मेडिकल इंश्योरेंस का काम करने वाले बी-फार्मा स्नातक राजेंद्र के जरिये उसका तस्करों से संपर्क हुआ।

दोनों आरोपित दो दिन पहले उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले से खेप लाए थे। एडीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान के अनुसार, दोनों को एमपी नगर जोन-2 की अंग्रेजी शराब दुकान के सामने पकड़ा गया।