भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने सोमवार को बिसलेरी के बोतलबंद पानी की जांच पर सफाई देते हुए कहा कि गोवा स्थित प्लांट से लिए गए सैंपल में सिर्फ एक बैच (GO 270) खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरा नहीं उतरा है। इस बैच के एक नमूने में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAH) की मात्रा तय सीमा से अधिक मिली है। FSSAI ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 36(3) के तहत संबंधित बैच की बिक्री पर रोक लगाने का आदेश जारी किया है। प्राधिकरण ने साफ किया कि यह कार्रवाई बिसलेरी के सभी उत्पादों से जोड़कर नहीं देखी जानी चाहिए, क्योंकि मामला सिर्फ गोवा प्लांट में तैयार एक बैच का है। कंपनी को गड़बड़ी की असली वजह पता लगाने के लिए रूट कॉज एनालिसिस करने का निर्देश भी दिया गया है।
FSSAI के मुताबिक, सैंपल दक्षिण गोवा के वर्ना इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्थित बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट से लिया गया था, जिसका सैंपल कोड DO/GOA/06 और सीरियल नंबर 69/2025 था। मुंबई की एनवायरोकेयर लैब में हुई शुरुआती जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा 0.012 मिलीग्राम प्रति लीटर मिली थी, जबकि इसकी अधिकतम तय सीमा 0.01 मिलीग्राम प्रति लीटर है। कंपनी ने इन नतीजों को चुनौती देते हुए दोबारा जांच की अपील की, जिसके बाद सैंपल नवी मुंबई की नेशनल फूड लैबोरेटरी (NFL) भेजा गया। रेफरल लैब की रिपोर्ट में ब्रोमेट तय सीमा के भीतर मिला, लेकिन PAH का स्तर 0.000144 मिलीग्राम प्रति लीटर यानी 0.144 माइक्रोग्राम प्रति लीटर पाया गया। FSSAI ने कहा कि कंपनी की अपील के बाद रेफरल लैब की रिपोर्ट को अंतिम माना जाता है।
दूसरी ओर, बिसलेरी ने अपने पानी को पीने के लिए सुरक्षित बताते हुए जांच के नतीजों पर सवाल उठाए हैं। कंपनी के मुताबिक, यह मामला सितंबर 2025 में गोवा प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। FSSAI ने 30 सितंबर 2025 को प्लांट से पानी के 6 सैंपल लिए थे। कंपनी का दावा है कि इनमें से 5 नमूने तय मानकों पर खरे उतरे थे, जबकि छठे नमूने में ब्रोमेट की मात्रा 12 माइक्रोग्राम प्रति लीटर मिली थी, जिसकी निर्धारित सीमा 10 माइक्रोग्राम प्रति लीटर है। कंपनी ने 22 नवंबर 2025 को इस रिपोर्ट के खिलाफ अपील की थी। बिसलेरी का कहना है कि उसने उसी नमूने की जांच FSSAI से मान्यता प्राप्त एक अन्य लैब में भी कराई थी, जहां ब्रोमेट निर्धारित सीमा के भीतर मिला था।
बिसलेरी के अनुसार, उसने स्वतंत्र लैब की जांच रिपोर्ट 2 फरवरी 2026 को FSSAI के पश्चिमी क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दी थी, लेकिन इसके बाद उसे कोई जवाब नहीं मिला। कंपनी ने दावा किया कि उसे अब तक इस मामले में ईमेल या डाक से कोई औपचारिक नोटिस नहीं मिला है। कंपनी का कहना है कि उसकी 10 चरणों वाली निर्माण प्रक्रिया में 90 से ज्यादा गुणवत्ता जांच की जाती हैं और वह नियामक के साथ सहयोग जारी रखेगी। हालांकि, FSSAI ने अपनी जांच के आधार पर कंपनी के खिलाफ ऐक्शन की मंजूरी दी है।
