कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सोशल मीडिया पोस्ट पर भाजपा ने मंगलवार को पलटवार किया है। भाजपा ने राहुल गांधी से उन लोगों के नाम बताने को कहा है जिन्होंने होयसला की ऐतिहासिक राजधानी हलेबिदु को लूटा था। नेता प्रतिपक्ष के पोस्ट को रीट्वीट करते हुए भाजपा ने कहा कि 1311 में अलाउद्दीन खिलजी के जनरल मलिक काफूर और 1326-27 में मुहम्मद बिन तुगलक की सेना ने यहां लूटपाट की थी। भाजपा ने यह भी पूछा कि मंदिर परिसर में मूर्तियों के चेहरे और हाथ किसने तोड़े।
दरअसल, राहुल गांधी ने कर्नाटक के होयस्लेश्वर मंदिर की 12वीं सदी की एक मूर्ति की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की थी, जिसमें देवी पार्वती को भगवान शिव की गोद में बैठे हुए दिखाया गया है। रायबरेली से सांसद ने पोस्ट में कहा था कि एक सच्चे हिंदू के रूप में यह उनका कर्तव्य है कि वे उन्हें इस जाल से मुक्त करें, ताकि वे भी अपने जीवन में प्रेम और अपनेपन की सुंदरता और आनंद को महसूस कर सकें। उन्होंने सत्यं शिवं सुंदरम् का जिक्र भी किया था।
इससे पहले राहुल गांधी ने सोनिया गांधी के संस्मरणों पर आधारित पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : ए जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन के दौरान अपने माता-पिता के रिश्ते का जिक्र करते हुए बताया था कि उनकी मां भोजन के समय उनके पिता राजीव गांधी की गोद में बैठा करती थीं। उनके इस बयान की राजनीतिक विरोधियों ने आलोचना की थी।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी राजीव गांधी और सोनिया गांधी की तुलना भगवान शिव और देवी पार्वती से करने के लिए राहुल गांधी की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि कोई भी मनुष्य कभी भगवान नहीं बन सकता और जब कोई व्यक्ति स्वयं को भगवान के रूप में पेश करने लगता है, तो उसका पतन तेजी से शुरू हो जाता है।
