महाराष्ट्र से भाजपा के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुटे का निधन हो गया। वह 72 साल के थे। उन्होंने दिल्ली के एम्स अस्पताल में अंतिम सांस ली। महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने उनके निधन पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, 'दिल्ली में दिल का गंभीर दौरा पड़ने के बाद राज्यसभा सदस्य रामराव वडकुटे के निधन की खबर बेहद दुखद और दिल तोड़ने वाली है'।
वडकुटे महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के रहने वाले थे। भाजपा ने कुछ महीने पहले ही उन्हें राज्यसभा भेजा था। वह धनगर समाज को अनुसूचित जनजाति के तहत आरक्षण दिलाने की मांग को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे थे। विधान परिषद के सदस्य रहते हुए भी उन्होंने राज्य सरकार के सामने यह मांग उठाई थी। राज्यसभा सांसद बनने के बाद भी उन्होंने इस मुद्दे पर प्रयास जारी रखे। परभणी में धनगर आरक्षण को लेकर निकाली गई रैली के दौरान भी उन्होंने राज्य सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच तालमेल बनाने का काम किया था।
सांसद रामराव वडकुटे ने 1988 में अपने सामाजिक जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने धनगर समाज उन्नति मंडल, परभणी के अध्यक्ष पद से काम शुरू किया था। यह संगठन दिवंगत शिवाजीराव शेंडगे का था। इसके माध्यम से उन्होंने समाज की प्रमुख समस्याओं को लेकर काम करना शुरू किया। इसके बाद उन्होंने सामाजिक कार्यों के साथ राजनीति में भी कदम रखा। शरद पवार के नेतृत्व में उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में सक्रिय रूप से काम किया। पार्टी के माध्यम से उन्होंने 2002 से 2005 तक पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी बकरी और भेड़ विकास महामंडल के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली।
2004 में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के टिकट पर हिंगोली जिले की कलमनुरी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद 2005 में दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने उन्हें महानंदा का निदेशक नियुक्त किया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 2012 में एक बार फिर उन्हें पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी बकरी और भेड़ विकास महामंडल का अध्यक्ष बनाया। इसके बाद 2014 में पार्टी ने उन्हें विधान परिषद का सदस्य नियुक्त किया। शरद पवार और अजित पवार के बेहद भरोसेमंद नेताओं में उनकी गिनती होती थी।
14 अक्तूबर 2019 को रामराव वडकुटे ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया और भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। इसके बाद भाजपा ने उन्हें हिंगोली जिले का अध्यक्ष बनाया। 2024 में हुए विधानसभा चुनाव में महायुति के सीट बंटवारे के कारण उन्हें चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिला, लेकिन उन्होंने पार्टी पर भरोसा बनाए रखा और संगठन के लिए लगातार काम करते रहे। मार्च 2026 में भाजपा ने उन्हें राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया। राज्यसभा सांसद बनने के बाद भी उन्होंने धनगर समाज के आरक्षण का मुद्दा उठाना जारी रखा। उन्होंने धनगर आरक्षण के लिए संघर्ष कर रहे दीपक बोराडे को अपने साथ लिया और दोनों ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्र सरकार से मुलाकात की।