प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 27-28 नवंबर को नई दिल्ली में भाजपा की दो दिवसीय रणनीतिक बैठक में शामिल हो सकते हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह बैठक भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान, पूसा परिसर में आयोजित होगी, जिसमें पार्टी के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी और राज्यों के प्रभारी हिस्सा लेंगे।
बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति पर चर्चा होगी। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में होने वाले चुनावों पर विशेष फोकस रहेगा। इन राज्यों की मौजूदा राजनीतिक स्थिति की समीक्षा के साथ आगामी महीनों के लिए संगठनात्मक रोडमैप भी तैयार किया जाएगा।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बैठक में संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर तैयारियों और केंद्र, राज्य सरकारों तथा पार्टी संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर विचार-विमर्श होगा। सदस्यता अभियान और चुनाव प्रचार की योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी।
नई राष्ट्रीय टीम के गठन के बाद प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी पदाधिकारियों के बीच यह दूसरी महत्वपूर्ण बैठक होगी। इससे पहले 22 अगस्त को प्रधानमंत्री ने भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बीच, भाजपा एक दिसंबर से 25 दिसंबर तक देशव्यापी सेवा दूत अभियान भी शुरू करेगी, जिसका चुनावी राज्यों पर विशेष फोकस रहेगा।
