कनाडा सरकार ने भारतवंशी गैंगस्टर गोल्डी बराड़ को अपनी मोस्ट वॉन्टेड सूची में सबसे ऊपर रखा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बराड़ को भारत की जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी माना जाता है और कहा जा रहा है कि वह 2017 से कनाडा में है, हालांकि इस पर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस सूची में दो और भारतीय मूल के अपराधी पेडराम राबी और मनप्रीत सिंह को भी शामिल किया गया है, जो गोलीबारी और हत्या की कोशिश जैसे अपराधों में वांछित हैं। पुलिस को बराड़ की 2023 में विनिपेग में हुई 39 वर्षीय सुखदूल सिंह गिल की हत्या के मामले में तलाश है।
बराड़ को मोस्ट वॉन्टेड बताए जाने का ऐलान BOLO प्रोग्राम के तहत किया गया है, जिसके जरिए नागरिकों को मोस्ट वॉन्टेड अपराधियों को लेकर सतर्क किया जाता है। कनाडा में उस पर ढाई लाख कनाडाई डॉलर यानी करीब 1.63 करोड़ रुपये का इनाम है। इससे पहले अमेरिका ने बीते सितंबर 10 लाख डॉलर का इनाम घोषित किया था, जबकि भारत में पहले ही उस पर 10 लाख रुपये के इनाम का ऐलान किया जा चुका है।
अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने भी बराड़ को अपनी 10 मोस्ट वॉन्टेड की सूची में डाला है। एजेंसी के मुताबिक, 32 साल का बराड़ इस सूची में शामिल होने वाला 543वां व्यक्ति है, जिसकी शुरुआत 1950 में की गई थी। FBI को बराड़ की तलाश अपराध की साजिश, जबरन वसूली के जरिए व्यवसाय में बाधा डालने की साजिश और तस्करी के आरोपों में है। FBI के लॉस एंजिल्स फील्ड ऑफिस के प्रभारी सहायक निदेशक पैट्रिक ग्रैंडी ने कहा कि सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ एक खतरनाक व्यक्ति है और उसे पकड़ना एजेंसी तथा उसके सहयोगियों की प्राथमिकता है।
एजेंसी वार्ता के अनुसार, सितंबर में FBI ने कहा था कि बराड़ अमेरिका में मौजूद है और उसे अत्यधिक हिंसक, सशस्त्र और खतरनाक माना जाता है। उसे लॉरेंस बिश्नोई संगठित अपराध गिरोह का उत्तरी अमेरिकी प्रमुख भी माना जाता है। अमेरिकी अभियोजकों ने इस गिरोह पर अमेरिका और कनाडा में लक्षित हत्याओं, गोलीबारी, अपहरण, जबरन वसूली तथा नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी में शामिल होने का आरोप लगाया है। अभियोजकों ने बराड़ और बिश्नोई पर 18 जून 2023 को ब्रिटिश कोलंबिया के सरी में हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का आदेश देने का भी आरोप लगाया है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, बराड़ और बिश्नोई गिरोह के अन्य कथित सरगनाओं ने भारतीय समुदाय के सदस्यों सहित पीड़ितों से रंगदारी वसूलने के लिए हिंसा और धमकियों का सहारा लिया।
