दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक होने वाली शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में पाकिस्तान के पर्यावरण मंत्री मुसादिक मलिक के हिस्सा लेने की पुष्टि के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए पूछा है कि ऐसा क्या बदला है कि भारत पाकिस्तान को न्योता भेज रहा है।
भारत ने 28 अक्टूबर को परंपरा के अनुसार SCO के सभी सदस्य देशों को निमंत्रण भेजने की घोषणा की थी। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, उसकी सरकार आपसी सम्मान की भावना के साथ सभ्यताओं के बीच संवाद और लोगों के आपसी संपर्क को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस बैठक में भारत और पाकिस्तान के अलावा चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, ईरान, उज्बेकिस्तान और बेलारूस शामिल हैं।
मनीष तिवारी ने कहा कि अप्रैल 2025 में बैसरन घाटी में आतंकी हमला हुआ, जिसमें धर्म के नाम पर लोगों को चिन्हित कर उन्हें शहीद किया गया। उन्होंने कहा कि अप्रैल 2025 से अब तक कुछ नहीं बदला है और पिछले चार दशकों में भी पाकिस्तान का आतंकवाद को लेकर रुख नहीं बदला। उन्होंने यह भी माना कि SCO बैठकों में सभी सदस्य देशों का आना-जाना सामान्य है, लेकिन पाकिस्तान के रवैये पर सवाल खड़े किए।
बता दें कि 26 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की हत्या कर दी गई थी, जिनमें अधिकतर पर्यटक थे। आतंकियों ने लोगों से उनका धर्म पूछकर गोलियां बरसाई थीं। इसके बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू कर पाक और पाक अधिकृत कश्मीर में कई आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था। भारत ने कहा था कि पाकिस्तान के आतंकवाद के खिलाफ ठोस कदम उठाने तक कोई संवाद नहीं होगा, और सिंधु जल समझौता भी रद्द कर दिया था। बीते महीने SCO की एक बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तानी उपप्रधानमंत्री इशाक डार की मौजूदगी में कहा था कि आतंकवाद को लेकर दोहरा मापदंड बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
