कांग्रेस ने संसद के विशेष सत्र को संविधान पर हमला करार दिया है। पार्टी ने शुक्रवार शाम सोनिया गांधी के आवास पर अपने संसदीय रणनीति समूह की बैठक बुलाई है, जिसमें महिला आरक्षण विधेयक और परिसीमन पर चर्चा होगी।
कांग्रेस महासचिव (संचार) जयराम रमेश ने एक्स पर कहा कि 14 अप्रैल, 2026 को आंबेडकर जयंती की शाम मोदी सरकार ने परिसीमन विधेयकों को सार्वजनिक किया था और 17 अप्रैल, 2026 की रात वे उनके उचित अंजाम तक पहुंच गए। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन लोटस के 105 दिन बाद अब संविधान दिवस पर मोदी सरकार ने विशेष सत्र की घोषणा की है। रमेश ने कहा कि सरकार को उम्मीद है कि संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए उसे बेहद दागदार दो-तिहाई बहुमत मिल जाएगा। उन्होंने पूछा कि क्या संविधान का इससे बड़ा अपमान और उस पर इससे बड़ा हमला हो सकता है। उन्होंने कहा कि लड़ाई जारी है।
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी बेहद कम समय के नोटिस पर दोनों सदनों को फिर बुलाने के लिए सरकार की आलोचना की। उन्होंने एक्स पर कहा कि यह अनुरोध संसद नामक संस्था का मजाक उड़ाता है। उन्होंने कहा कि अब संसद का शीतकालीन सत्र बुलाने का समय है और विशेष सत्र नियमित शीतकालीन सत्र का विकल्प नहीं बन सकता। उन्होंने पूछा कि नियमित शीतकालीन सत्र क्यों नहीं बुलाया जाता और कहा कि सरकार चाहे तो पहले खारिज हो चुके विधेयकों को फिर से ला सकती है।
कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने भी एक्स पर भाजपा पर तंज कसते हुए कहा, "क्या गददार तैयार हैं?" उनका इशारा पूर्व सहयोगी दल द्रमुक के संदर्भ में थी।
