चक्रवाती तूफान अकवान का लैंडफॉल आज सुबह गोपालपुर के पास उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट पर शुरू हो गया है। तूफान के दौरान हवाओं की गति 70-80 किलोमीटर प्रति घंटा रही और कुछ झोंके 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचे। लैंडफॉल की प्रक्रिया अगले दो घंटे तक जारी रहने की संभावना है।
विशाखापत्तनम तट पर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं और समुद्र में ऊंची लहरों के साथ अशांत स्थिति बनी हुई है। विशाखापत्तनम पर चक्रवात का सीधा खतरा टल गया है, लेकिन मौसम के बदले मिजाज के कारण आज उत्तरी आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
पश्चिम बंगाल में भी तूफान का असर दिख रहा है। कोलकाता समेत कई इलाकों में बारिश हो रही है। दक्षिण 24 परगना जिले के सुंदरबन तटीय इलाकों में भारी से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल रही हैं, आसमान में घने बादल छाए हैं और नदियों व समुद्र का जलस्तर बढ़ने से हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। प्रशासन ने मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है, वहीं बक्खाली और गंगासागर जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लोगों को समुद्र में नहाने से रोकने के लिए कड़ी निगरानी की जा रही है।
ओडिशा में लैंडफॉल शुरू होने के बाद जिला प्रशासन ने समुद्र तट पर सुरक्षा इंतजाम और सख्त कर दिए हैं। पुरी समुद्र तट पर भी तेज हवाएं और अशांत समुद्र की स्थिति बनी हुई है।