बंगाल की खाड़ी में उठा चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ फिलहाल तीन किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। आंध्र प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुताबिक, यह तूफान दक्षिण-मध्य और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर केंद्रित है। मंगलवार को ही इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए ‘गंभीर चक्रवाती तूफान’ में तब्दील होने की संभावना है। गुरुवार तक इसके और मजबूत होकर ‘बेहद गंभीर तूफान’ का रूप लेने की आशंका है। शुक्रवार दोपहर तक यह नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच तट को पार कर सकता है।

मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने मंगलवार को जिलाधिकारियों और अन्य अधिकारियों के साथ टेलीकांफ्रेंस कर स्थिति की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि चक्रवात के असर से तटीय जिलों में 19 और 20 नवंबर को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश होगी। नायडू ने कहा कि तटीय आंध्र प्रदेश में कम समय में यह तीसरा चक्रवात है। उन्होंने नुकसान कम करने और लोगों को परेशानी से बचाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने तटीय जिलों के लोगों को चक्रवात को लेकर लगातार सतर्कता संदेश भेजने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से गिरे पेड़ों और बिजली के खंभों को हटाने के लिए मशीनरी तैयार रखने और युद्धस्तर पर बहाली का काम शुरू करने को कहा। साथ ही सिंचाई टैंकों और नहरों के तटबंध टूटने से रोकने के निर्देश दिए।

ओडिशा सरकार संवेदनशील इलाकों, खासकर भूस्खलन की आशंका वाले पहाड़ी क्षेत्रों से दो लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी कर रही है। आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई समीक्षा बैठक में तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। पुजारी ने बताया कि पिछले महीने आए चक्रवात के दौरान हुई 11 मौतों में से 10 भूस्खलन के कारण हुई थीं। गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कंधमाल, मलकानगिरी और कोरापुट समेत छह जिलों को भूस्खलन की दृष्टि से अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्रों में रखा गया है।