बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवात 'अकवान' शुक्रवार सुबह सात बजे ओडिशा के गंजाम जिले में गोपालपुर के पास तट से टकराकर कमजोर हो गया। यह स्थान पुरी से लगभग 250 किलोमीटर दूर है। मौसम विभाग के अनुसार तट के करीब पहुंचते-पहुंचते तूफान की तीव्रता कम हो गई, लेकिन तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा बना हुआ है। तट से टकराने के दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे रही और झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तूफान का असर 10 राज्यों में पड़ सकता है।
ओडिशा सरकार ने आपातकालीन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा है। राज्य के 20 जिलों के संवेदनशील इलाकों से चार लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। राहत और बचाव के लिए राज्यभर में 418 टीमें तैनात की गई हैं। गंजाम जिले में 1.38 लाख लोगों को 600 आश्रय केंद्रों में ठहराया गया है। गोपालपुर बंदरगाह के पास समुद्र में 28 ट्रालरों पर सवार 200 से अधिक मछुआरे फंसे हुए हैं।
तूफान के कारण पूर्वी रेलवे ने 41 और दक्षिण पूर्व रेलवे ने 28 एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द कर दी हैं, जबकि 29 ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है। भुवनेश्वर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने अगले दो दिनों तक ओडिशा के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पातरपुर में सर्वाधिक 209 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि हिन्जिली में 207, चिकिटी में 199, गोपालपुर में 190 और छत्रपुर में 149 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
पश्चिम बंगाल में कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर तथा नदिया जिलों के विभिन्न इलाकों में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हुई। शनिवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी है। खराब मौसम के कारण कोलकाता-भुवनेश्वर के बीच छह उड़ानें रद्द कर दी गईं। अलीपुर स्थित मौसम कार्यालय के अनुसार तूफान का प्रभाव सोमवार तक बना रह सकता है। बारिश के कारण सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के मैच नहीं हो सके।
