दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने मंगलवार को घोषणा की कि अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री कार्यकाल वाले सरकारी बंगले को जनता के लिए खोला जाएगा। अगले हफ्ते तक लोगों के लिए विजिट बुक करने की टिकटिंग व्यवस्था शुरू हो जाएगी। पहले मीडिया के लिए टूर आयोजित किए जाएंगे, उसके बाद आम लोग टिकट खरीदकर आवास का अंदरूनी हिस्सा देख सकेंगे। अरविंद केजरीवाल 2015 से 2024 तक, यानी पूरे नौ साल, अपने परिवार के साथ इस बंगले में रहे थे।

भाजपा ने बंगले के रेनोवेशन पर उठाए सवालों के बीच इसे 'शीशमहल' कहा था। पिछले साल दिल्ली विधानसभा में पेश सीएजी रिपोर्ट के मुताबिक, बंगले के रेनोवेशन पर 33.66 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे, जो शुरुआती अनुमानित लागत 7.91 करोड़ रुपए से करीब 342% ज्यादा था। रिपोर्ट के अनुसार, इसमें से करीब 18.88 करोड़ रुपए महंगे इंटीरियर, सजावटी और एंटीक सामान पर खर्च हुए। सीएजी ने प्रोजेक्ट में नियमों की अनदेखी, फंड के गलत इस्तेमाल और लागत में भारी बढ़ोतरी जैसी अनियमितताओं का जिक्र किया है।

साल 2022 में दिल्ली के तत्कालीन उपराज्यपाल वीके सक्सेना के निर्देश पर दिल्ली सरकार के विजिलेंस विभाग ने रेनोवेशन में गड़बड़ी और कीमत से ज्यादा खर्च की जांच की थी। इस मामले की सीबीआई जांच भी जारी है, जिसकी शिकायत भाजपा विधायक और तत्कालीन विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने की थी।