पलामू के रहने वाले शशि पासवान पिछले कई दिनों से दुबई की जेल में बंद हैं। वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में दुबई की अल रशीदिया पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया है। काम की तलाश में वे दुबई गए थे। उनकी सकुशल वतन वापसी के लिए परिवार कई दिनों से प्रयास कर रहा था।
गुरुवार को शशि पासवान की पत्नी और मां ने जेएलकेएम विधायक जयराम महतो के साथ झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। परिजनों ने मुख्यमंत्री को पूरे मामले की जानकारी दी और अपनी पीड़ा रखी। उन्होंने शशि की जल्द वतन वापसी के लिए गुहार लगाई।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मामले में त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया है। बताया गया है कि शशि पासवान के स्वजन कई दिनों से सीएम से मिलने की कोशिश में थे। बुधवार को उन्होंने विधायक जयराम महतो से मुलाकात की थी। विधानसभा सत्र खत्म होने के बाद यह मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा।
