प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पूर्व सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) कर्मी गुरमीत सिंह और उसके सहयोगियों पर शिकंजा कसा है। इन पर उत्तर प्रदेश समेत छह राज्यों में आकर्षक ब्याज और कम समय में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 70 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का आरोप है। आरोपितों ने 'सेफ इन्वेस्टमेंट प्लान' के नाम से फर्जी निवेश योजना चलाकर आम लोगों के साथ-साथ सेवारत और सेवानिवृत्त एसएसबी कर्मियों को भी निशाना बनाया था। इस मामले में उत्तर प्रदेश के अलावा जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, राजस्थान, हरियाणा और बिहार में दर्ज कई प्राथमिकी के आधार पर ईडी ने मनी लांड्रिंग की जांच शुरू की है।

ईडी के जम्मू उप क्षेत्रीय कार्यालय ने 27 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और पंजाब में आठ स्थानों पर छापेमारी की, जिनमें कठुआ, ऊधमपुर और पठानकोट के ठिकाने शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि गुरमीत सिंह ने अपने परिवार के सदस्यों, सहयोगियों और उनसे जुड़ी कारोबारी फर्मों के माध्यम से निवेशकों से करीब 70 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जुटाई थी। इनमें कठुआ स्थित स्टाइल ओ इंडस्ट्री और स्टाइल ओ कंफर्ट क्रिएशंस प्राइवेट लिमिटेड भी शामिल हैं। निवेशकों को ऊंचे मुनाफे का भरोसा देकर उनकी जमा पूंजी हड़पी गई।

छापेमारी के दौरान ईडी ने दो महंगी गाड़ियां, अचल संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, इलेक्ट्रानिक उपकरण और अन्य आपत्तिजनक अभिलेख जब्त किए। गुरमीत सिंह और उससे जुड़ी कंपनियों के खातों में करीब 33 लाख रुपये की राशि फ्रीज की गई है। इसके अतिरिक्त मदन लाल, सुनील चौधरी और संबंधित कंपनियों के एचडीएफसी बैंक खातों में जमा करीब 14 लाख रुपये भी फ्रीज किए गए हैं। इस तरह कुल करीब 47 लाख रुपये की बैंक राशि पर रोक लगाई गई है। तलाशी में संयुक्त अरब अमीरात, थाईलैंड, अजरबैजान और आस्ट्रेलिया की विदेशी मुद्रा भी मिली, जिसका भारतीय मुद्रा में मूल्य करीब 37 हजार रुपये है।

ईडी अब ठगी की रकम के निवेश, संपत्तियों की खरीद और अन्य लाभार्थियों की भूमिका की जांच कर रही है। जांच का दायरा उत्तर प्रदेश तक भी जुड़ा है, क्योंकि विभिन्न राज्यों की पुलिस द्वारा दर्ज प्राथमिकी में उत्तर प्रदेश के मामले भी शामिल हैं। इसी आधार पर ईडी ने आरोपितों और उनसे जुड़ी कंपनियों के वित्तीय लेनदेन की पड़ताल शुरू की है। जांच में ठगी से जुटाई गई रकम से संपत्तियां अर्जित किए जाने के साक्ष्य भी मिले हैं।