गुरुग्राम की सड़कों को सेक्टर-18 की सनाथ रोड के मॉडल पर विकसित किया जाएगा, जिसमें पैदल यात्रियों और साइकिल चालकों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में राहगिरी फाउंडेशन और नगारो फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक में यह निर्देश दिए। बैठक में शहर के ढांचागत विकास, सुंदरीकरण, शहरी मोबिलिटी और सड़क विकास पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़कें केवल वाहनों की आवाजाही तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इनके विकास में नागरिकों की सुरक्षा, सुविधा और पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने सभी सड़कों पर फुटपाथ की डिजाइन में एकरूपता, पैदल यात्रियों के निर्बाध आवागमन और जलनिकासी के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सेक्टरों में स्ट्रीट वेंडिंग जोन के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने को कहा, जिससे रेहड़ी-पटरी संचालकों को व्यवस्थित जगह मिल सके और फुटपाथ, सड़क तथा ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण से बचाव हो। शहर में चार स्थानों पर सब्जी मंडियों के लिए जगह तलाशने और हरियाणा की संस्कृति व विरासत को सहेजने के लिए म्यूजियम निर्माण की जगह चिह्नित करने के निर्देश भी दिए गए।
सेक्टर-18 की सनाथ रोड को कम्प्लीट स्ट्रीट के रूप में विकसित किया गया है। कभी बदहाली के कारण इसे अनाथ रोड कहा जाता था। अब करीब 2.5 किलोमीटर लंबी यह सड़क ओल्ड दिल्ली रोड को दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे से जोड़ती है। इस सड़क पर वाहनों के साथ पैदल चलने वालों के लिए चौड़े फुटपाथ, सुरक्षित क्रॉसिंग और अलग साइकिल ट्रैक बनाया गया है। इसी मॉडल पर शहर की दूसरी सड़कों को विकसित करने की योजना है।
शहर में हरियाली बढ़ाने के लिए अर्बन फॉरेस्ट विकसित करने के उद्देश्य से नए स्थान चिह्नित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने त्रिवेणी और मियावाकी पद्धति से पौधारोपण को बढ़ावा देने तथा सड़क विकास योजनाओं में पौधारोपण और हरित क्षेत्र विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसी रोड निर्माण के दौरान ही यूटिलिटी पाइप और जरूरी डक्ट डालने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि पेयजल, सीवर और अन्य उपयोगिताओं के लिए बार-बार सड़कों की खोदाई न करनी पड़े। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल यादव, नगर निगम गुरुग्राम आयुक्त डॉ. पंकज, अतिरिक्त निगम आयुक्त यश जालुका और रवींद्र कुमार, राहगिरी फाउंडेशन से सारिका पांडा तथा नगारो फाउंडेशन के सीईओ मानस ह्यूमन मौजूद रहे।
