ईरान और अमेरिका के बीच तनाव के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य में तेल के जहाजों पर हमलों की खबरें सामने आ रही हैं। ईरानी सेना के अनुसार पिछले 24 घंटे में इस तरह के करीब चार हमले हुए हैं। ईरानी नौसेना का कहना है कि तीन जहाजों में आग बारूदी सुरंगों की वजह से लगी, जबकि एक जहाज पर मिसाइल हमला किया गया।
मंगलवार सुबह एक तेल जहाज पर मिसाइल हमले के बाद उसके इंजन रूम में आग लग गई। इससे पहले ईरानी नौसेना ने रविवार देर रात बताया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य के पूर्व में एक तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया, जिसके बाद उसमें आग लग गई। नौसेना के अनुसार यह घटना कुछ घंटे पहले हुई और संबंधित जहाज समुद्री प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रहा था।
ईरानी नौसेना ने चेतावनी दी है कि ईरानी सशस्त्र बलों के साथ समन्वय किए बिना इस रणनीतिक जलमार्ग या आसपास के प्रतिबंधित क्षेत्रों से गुजरने की कोशिश करने वाले जहाज बारूदी सुरंगों की चपेट में आ सकते हैं और उनमें आग लग सकती है। ईरान ने कहा है कि प्रतिबंधित इलाकों से अवैध तरीके से आवाजाही करने पर परिणाम भुगतना पड़ेगा और बारूदी सुरंग से टकराए जहाजों को अच्छा-खासा नुकसान हुआ है।
आईआरजीसी के अनुसार इनमें से एक सुपरटैंकर, जिसमें 20 लाख बैरल से अधिक कच्चा तेल लदा था, दक्षिणी खाड़ी में डूब गया। हालांकि जहाजों की पहचान या उनके चालक दल के बारे में जानकारी नहीं दी गई। ईरान ने 12 जुलाई को अमेरिका की ओर से फिर हमले शुरू किए जाने के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य को दोबारा बंद करने की घोषणा की थी और चेतावनी दी थी कि निर्धारित मार्गों के अलावा अन्य रास्तों का इस्तेमाल करने या बिना अनुमति गुजरने वाले जहाजों को निशाना बनाया जा सकता है। होर्मुज वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और एलएनजी की आपूर्ति का प्रमुख समुद्री मार्ग है, जहां आवाजाही बाधित होने से वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।
