स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के आसपास भारतीय जहाजों की सुरक्षा को लेकर केंद्र सरकार सतर्क हो गई है। इस इलाके में भारतीय झंडे वाले या भारत से जुड़े 9 जहाजों पर विशेष नजर रखी जा रही है। केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने समुद्री सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं।

सोनोवाल ने गुरुवार को मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा हुई। उन्होंने समुद्री प्रशासन महानिदेशालय (डीजीएमए) को संवेदनशील समुद्री क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा संबंधी सूचनाएं समय पर साझा करने के निर्देश दिए।

मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, सोनोवाल ने संवेदनशील और जोखिम वाले समुद्री क्षेत्रों में गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, सुरक्षा संबंधी चेतावनियां और सलाह समय पर जहाजों तक पहुंचाने, शिपिंग कंपनियों और जहाज संचालकों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने तथा भारतीय नाविकों को संभावित खतरों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए हैं।

केंद्रीय मंत्री ने दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में व्यापारिक जहाजों पर हो रहे बार-बार के हमलों की कड़ी निंदा की और खास तौर पर उन घटनाओं पर चिंता जताई, जिनमें भारतीय नाविकों को निशाना बनाया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं नाविकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं और इनसे समुद्री व्यापार तथा वैश्विक सप्लाई चेन की स्थिरता भी प्रभावित होती है। उन्होंने अधिकारियों को विदेश मंत्रालय, भारतीय राजनयिक मिशनों, समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ करीबी समन्वय बनाए रखने का निर्देश भी दिया।

मंत्रालय के मुताबिक, भारत के झंडे वाले जहाजों या भारत के लिए सामान लेकर जाने वाले जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य से अब तक 86 बार आवाजाही की है। जहाजों की निगरानी के लिए मंत्रालय के ई-नाविक सीफेयरर ट्रैकिंग मॉड्यूल का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके जरिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पश्चिम में फारस की खाड़ी में 800 से अधिक जहाजों और होर्मुज के पूर्व में ओमान की खाड़ी में 200 से अधिक जहाजों पर नजर रखी जा रही है।