विदेश मंत्री एस. जयशंकर और डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन के बीच शनिवार को नई दिल्ली में पांचवीं भारत-डेनमार्क संयुक्त आयोग की बैठक हुई। इस बैठक में दोनों देशों ने 2027-31 की संयुक्त कार्ययोजना अपनाई और वित्तीय सेवाओं, शिक्षा, कौशल विकास, सतत जल प्रबंधन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के क्षेत्रों में पांच समझौतों पर हस्ताक्षर किए।

नई कार्ययोजना के तहत रक्षा, सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), क्वांटम कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा, समुद्री मामलों और स्वच्छ ऊर्जा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा। रासमुसेन ने भारत को महाशक्ति बताते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में दुनिया भारत की बढ़ती आर्थिक और भू-राजनीतिक ताकत का प्रभाव देखेगी। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय नियमों पर दबाव के मौजूदा दौर में डेनमार्क और यूरोप को भारत के साथ मजबूत साझेदारी बनानी चाहिए। उन्होंने 2020 में स्थापित हरित रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की भी सराहना की।

जयशंकर ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में डेनमार्क महत्वपूर्ण भागीदार है। उन्होंने भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को संपन्न कराने में डेनमार्क के समर्थन की सराहना की और भारत में डेनमार्क की कंपनियों की मौजूदगी बढ़ाने का स्वागत किया।

रासमुसेन ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात कर वैश्विक भू-राजनीतिक घटनाक्रमों और रणनीतिक सहयोग पर चर्चा की। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के साथ व्यापारिक संबंधों और एफटीए पर बातचीत हुई। गोयल ने एक्स पर बताया कि बैठक में व्यापार विस्तार और सहयोग के नए अवसरों पर चर्चा हुई। दोनों देशों ने 2024 के प्रवासन एवं गतिशीलता समझौते की भी समीक्षा की। रासमुसेन बेंगलुरु की यात्रा पूरी करने के बाद शनिवार सुबह नई दिल्ली पहुंचे थे। बेंगलुरु में उन्होंने एचएएल, इसरो, सी-कैंप और क्यूपाईएआई का दौरा किया।