पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक के भारत दौरे के बीच विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि सिंधु जल समझौते पर भारत अपने रुख पर कायम है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। मलिक एससीओ सिविलाइजेशन डायलॉग फोरम में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली आए हैं, जो 20 से 22 नवंबर तक चल रहा है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने मलिक के दौरे और सिंधु जल संधि पर उनके पहले के राजनीतिक बयानों से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए कहा कि जहां तक सिंधु जल समझौते का सवाल है, भारत ने अपनी स्थिति बहुत स्पष्ट कर दी है और यही स्थिति बनी हुई है। गौरतलब है कि मलिक वही मंत्री हैं जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बाद सिंधु जल समझौता रद्द करने पर धमकी देते हुए कहा था कि पानी रोकने वाले का हाथ काट दिया जाएगा।
जब जयसवाल से पूछा गया कि क्या मलिक का दौरा भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार ला सकता है, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि यह मंच बहुपक्षीय चर्चाओं पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि इस पर चर्चा की जाएगी और फिलहाल सबसे पहला काम यह है कि यह मंच खुद बहुपक्षीय है, जिसमें हिस्सा लेना चाहिए। मलिक ने भी कहा कि उनकी सभी चर्चाएं बहुपक्षीय ढांचे के भीतर हो रही हैं और उन्हें इसी पर ध्यान देना है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वह आगामी एक-दो दिनों में चर्चाओं के बाद मीडिया से बात करेंगे।
