विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने शुक्रवार को अमेरिकी अदालत के उस आदेश पर प्रतिक्रिया दी है, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल को दिल्ली की अदालतों के जरिये समन भेजने की बात कही गई है। इस पर प्रवक्ता जायसवाल ने कहा, 'मैं पहले भी कह चुका हूं कि हम ऐसे बेबुनियाद मुकदमों को खारिज करते हैं।'

वहीं, बांग्लादेश में जारी हिंसा के बीच वहां के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के बयान पर भी विदेश मंत्रालय से सवाल पूछा गया। इस पर प्रवक्ता जायसवाल ने कहा कि भारत का रुख पहले की तरह ही कायम है। उन्होंने कहा, 'हम बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक और भविष्य को ध्यान में रखकर संबंध चाहते हैं। ऐसे संबंध, जो दोनों देशों के साझा इतिहास और वहां के लोगों के साझा सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित हों।'

प्रवक्ता ने साफ किया कि बांग्लादेश के आंतरिक घटनाक्रम पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब पड़ोसी देश में हिंसा की घटनाएं सामने आ रही हैं।

गौरतलब है कि अमेरिकी अदालत के आदेश में दिल्ली की अदालतों के जरिये एनएसए अजीत डोभाल को समन भेजने की बात कही गई है। विदेश मंत्रालय ने इस आदेश को बेबुनियाद बताते हुए उसे खारिज करने का अपना रुख दोहराया है।