ट्रेन में सफर के दौरान मोबाइल पर जोर-जोर से बात करने या तेज आवाज में गाने-वीडियो चलाने पर यात्रियों को भारी पड़ सकता है। भारतीय रेलवे ने इस आदत के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है और यात्रियों को चेतावनी जारी की है। ईस्टर्न रेलवे ने अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी स्टेशनों के लिए इस संबंध में दिशानिर्देश जारी किए हैं। रेलवे के अनुसार, नियम तोड़ने वाले यात्रियों पर रेलवे अधिनियम, 1989 (संशोधित) की धारा 145 के तहत कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें 1,000 रुपये तक का जुर्माना और छह महीने तक की जेल का प्रावधान है। टीटीई या उससे ऊपर के रैंक के स्टाफ ऐसे यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं।

रेलवे ने यात्रियों से कहा है कि वे फोन पर स्पीकर मोड में गाना या वीडियो न चलाएं, लंबी या तेज आवाज में बातचीत से बचें और रिंगटोन का वॉल्यूम भी ज्यादा न रखें। रेलवे के मुताबिक, ऐसी हरकतों से दूसरे यात्रियों को परेशानी होती है, खासकर एसी कोच में सफर करने वालों को, क्योंकि बंद कंपार्टमेंट में आवाज गूंजती है और सोने में दिक्कत होती है।

जागरूकता फैलाने के लिए रेलवे स्टेशनों पर और जहां तक संभव हो ट्रेनों के अंदर क्षेत्रीय भाषाओं, हिंदी और अंग्रेजी में नियमित घोषणाएं की जाएंगी। यात्रियों को सलाह दी जाएगी कि संगीत सुनते या वीडियो देखते समय ईयरफोन का इस्तेमाल करें और फोन को साइलेंट या वाइब्रेशन मोड पर रखें या वॉल्यूम कम रखें।

रेलवे स्टेशनों पर प्रमुख जगहों और कोचों के अंदर जागरूकता बढ़ाने वाले नोटिस और स्टिकर भी लगाए जाएंगे। इनके जरिए यात्रियों को याद दिलाया जाएगा कि वे यात्रा के दौरान या रेलवे परिसर में स्पीकर पर संगीत या वीडियो न चलाएं और जोर-जोर से बातचीत करने से बचें।