वर्ष 1978 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने मीरजापुर जनपद का दौरा किया था। इस दौरे के दौरान अहरौरा के टिकरा खड़ंजा स्थित एक राइस मिल पर आयोजित जनसभा को संबोधित करने के बाद वह स्थानीय व्यवसायी श्रीनाथ गुप्ता के परिवार के यहां पहुंचीं। यहीं पर उन्हें 53 किलो सिक्कों से तौला गया।

अहरौरा के समाजसेवी कंदर्प आनंद के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री के दौरे की यादें आज भी उनके घर में संजोकर रखी गई हैं। उन्होंने बताया कि जब इंदिरा गांधी मीरजापुर भ्रमण के दौरान अहरौरा आई थीं, तो उनके वजन के बराबर के सिक्कों से उन्हें तौला गया था। उस समय उनका वजन 53 किलो था। इसके बाद सिक्कों का थैला पूर्व प्रधानमंत्री को भेंट कर दिया गया था।

बताया जाता है कि भोजन करने के बाद इंदिरा गांधी जनपद सोनभद्र के लिए रवाना हो गई थीं। यह दौरा 1977 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद वापसी की तैयारी के सिलसिले में था। उस चुनाव में देश में पहली बार गैर कांग्रेसी सरकार बनी थी और मोरारजी देसाई प्रधानमंत्री बने थे। आपातकाल के बाद इंदिरा गांधी के राजनीतिक जीवन में यह बड़ी हार मानी गई थी, जिसके बाद उन्होंने फिर से प्रधानमंत्री बनने की तैयारी शुरू की थी।