कर्नाटक में हाथियों के स्थानांतरण के फैसले के विरोध में मुदिगेरे से कांग्रेस विधायक नयना मोटाम्मा ने सोमवार को विधानसभा से इस्तीफा दे दिया। विधानसभा स्पीकर जीएस पाटिल ने उनका इस्तीफा स्वीकार नहीं किया और कहा कि इसे सही फॉर्मेट में जमा करना होगा। मोटाम्मा सुबह इस्तीफा लेकर स्पीकर के कार्यालय पहुंचीं, जहां अधिकारियों ने बताया कि इस्तीफा निर्धारित फॉर्मेट में नहीं है। इसके बाद उन्होंने स्पीकर के प्राइवेट सेक्रेटरी के कार्यालय में भी अपना पक्ष रखा।
विधायक का विरोध फॉरेस्ट डिपार्टमेंट के उस फैसले के खिलाफ है, जिसके तहत हासन जिले के बेलूर से करीब 50 से 60 हाथियों को चिकमगलूर जिले के मुदिगेरे इलाके में टटकोला रिजर्व फॉरेस्ट के आसपास भेजा जाना है। यह फैसला पिछले हफ्ते लिया गया था, जब हाथियों के हमले में दो लोगों की मौत हो गई थी। मोटाम्मा का कहना है कि इससे उन किसानों को नुकसान होगा, जो पहले से हाथी-मनुष्य टकराव से परेशान हैं।
रविवार को चिकमगलूर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में मोटाम्मा ने हाथियों के रिलोकेशन का ऑर्डर तुरंत वापस लेने की मांग की थी और कहा था कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे इस्तीफा दे देंगी। उन्होंने फॉरेस्ट डिपार्टमेंट पर आरोप लगाया कि विभाग ने चुने हुए जनप्रतिनिधियों से सलाह नहीं ली। उन्होंने बताया कि हासन और चिकमगलूर के मुख्य वन संरक्षक (CCF) ने उनसे संपर्क कर आश्वासन दिया कि ऑपरेशन रोक दिया गया है।
मोटाम्मा इस आश्वासन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने कहा कि रात में जो हाथी इलाके से भगाए गए थे, उन्हें वापस लाया जाना चाहिए और चेतावनी दी कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो वे दोबारा इस्तीफा देंगी।
