सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज जस्टिस मार्कंडेय काटजू ने भारतीय संविधान को लेकर विवादास्पद टिप्पणी की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि वह भारत के संविधान को एक धोखा, एक चाल, एक दिखावा, एक ठगी और एक शरारत मानते हैं, जिसका मकसद भारतीय लोगों को धोखा देना और बेवकूफ बनाना है। काटजू ने बताया कि हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर सुप्रीम कोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें बुलाया जाता है, जहां आमतौर पर राष्ट्रपति मुख्य अतिथि होते हैं और चीफ जस्टिस, दूसरे जज, यूनियन लॉ मिनिस्टर और अटॉर्नी जनरल शामिल होते हैं, लेकिन वह इस फंक्शन में कभी नहीं जाते।

अपनी आलोचना में काटजू ने कहा कि संविधान अपनी प्रस्तावना में 'हम लोग', लोकतांत्रिक और संप्रभु जैसे शब्दों का इस्तेमाल यह दिखाने के लिए करता है कि भारत में लोग ही शासक हैं, जबकि उनके मुताबिक सच्चाई यह है कि मुट्ठी भर बदमाश ही असली शासक हैं। उन्होंने कहा कि संविधान में बताए गए मौलिक अधिकारों का गरीबी के कारण कोई अर्थ नहीं रह जाता, क्योंकि गरीबी सभी अधिकारों को खत्म कर देती है। उनके अनुसार भारत में बहुत ज्यादा गरीबी है, और बोलने की आजादी या स्वतंत्रता का उस व्यक्ति को क्या फायदा जो गरीब, भूखा या बेरोजगार है; उसे खाना और नौकरी चाहिए, न कि अमूर्त या सैद्धांतिक अधिकार।

काटजू ने आगे कहा कि संविधान सिर्फ एक कागज का टुकड़ा है, जब तक उसे जमीन पर लागू न किया जाए। उन्होंने तर्क दिया कि संविधान में भारत को सेक्युलर देश लिख देने से वह असल में सेक्युलर नहीं हो जाता, और यह इस बात से साफ है कि अल्पसंख्यकों के साथ कैसा बर्ताव किया जा रहा है। उनका कहना है कि भारतीय संविधान की धज्जियां उड़ा दी गई हैं और उसे एक बिजूका और खोखला खोल बना दिया गया है।

पूर्व जज ने बताया कि उन्होंने भारत के एक नए संविधान का ड्राफ्ट तैयार किया है, जो 1950 में बनाए गए संविधान की जगह लेगा। उनके मुताबिक इस पर भारत के महान लोग विचार करेंगे और अगर यह सही लगा तो इसे अपनाया जाएगा। काटजू ने कहा कि 1950 में संविधान बने काफी समय हो गया है और बदले हुए हालात को देखते हुए अब एक नया संविधान बनाना और लागू करना जरूरी हो गया है।