केरल में एक 17 वर्षीय नाबालिग लड़की को इंस्टाग्राम इंफ्लुएंसर की सलाह पर पिंपल हटाने वाली फेयरनेस क्रीम मंगाना भारी पड़ गया। रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला करीब एक साल पहले शुरू हुआ था, जब लड़की ने इंस्टाग्राम पर मिले एक व्हाट्सअप नंबर के जरिए क्रीम ऑर्डर की थी। शुरुआत में क्रीम से फायदा दिखने के बाद उसने इसे बार-बार मंगवाना जारी रखा, लेकिन कुछ समय बाद उसे चक्कर आना, ब्लड प्रेशर बढ़ना और बेहोशी जैसी समस्याएं होने लगीं। एक साल तक क्रीम के इस्तेमाल के बाद उसके पैरों में सूजन आ गई, जिससे चलना-फिरना भी मुश्किल हो गया।
ज्यादा परेशानी बढ़ने पर परिवार ने डॉक्टरों से जांच करवाई। डॉक्टरों ने पाया कि क्रीम के इस्तेमाल से लड़की के खून में पारा का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है, जिससे उसे किडनी की समस्या हो गई। डॉक्टर गौरी एस. के मुताबिक, क्रीम में मौजूद मरकरी (पारा) ने लड़की की किडनी के फिल्टर करने वाले हिस्सों को नुकसान पहुंचाया है और उसे मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी नामक गंभीर बीमारी हो गई है। समय पर इलाज न मिलने पर हालत और बिगड़ सकती है।
डॉक्टरों के अनुसार, क्रीम की जांच में मरकरी का स्तर करीब 12,500 पार्ट्स प्रति मिलियन पाया गया, जबकि सामान्य तौर पर यह 1 पार्ट्स प्रति मिलियन से भी कम होना चाहिए। डॉक्टर ने लोगों को ऐसी क्रीम से सावधान रहने की सलाह दी है, जो तुरंत स्किन टोन में सुधार का वादा करती हैं।
लड़की ने इस मामले की शिकायत कंपनी से की, लेकिन उसकी तरफ से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला। अब लड़की के परिवार ने कंज्यूमर कोर्ट जाने का फैसला किया है। परिवार ने अभी तक क्रीम कंपनी का नाम सार्वजनिक नहीं किया है। यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ समय पहले खबर आई थी कि पाकिस्तान की कुछ फेयरनेस क्रीम भारत में बिक रही थीं, जिन पर कार्रवाई की गई थी।
