मद्रास हाई कोर्ट के सीटिंग जज जीआर स्वामीनाथन और सीपीएम सांसद एस वेंकटेशन के बीच तीखी भिड़ंत हो गई है। जज ने भरी अदालत में सांसद पर महंगी बेंज कार में आने और ब्रांडेड कपड़े पहनने का आरोप लगाया था, जबकि खुद को शयनयान श्रेणी में यात्रा करने वाला बताया था। इस पर पलटवार करते हुए वेंकटेशन ने मंगलवार को कहा कि उनके पास आज तक अपनी कार नहीं है और उन्होंने रेल यात्रा में केवल वही सुविधाएं लीं जिनकी वे सांसद के रूप में हकदार हैं।

सीपीएम सांसद ने जज की टिप्पणियों को "व्यक्तिगत स्तर पर घटिया हमला" करार दिया। उन्होंने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया खाते पर जारी बयान में कहा कि तथ्यों की जांच किए बिना सतही तौर पर देखी गई बातों के आधार पर आलोचना करना पूर्वाग्रह दर्शाता है। वेंकटेशन ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर जिस कार से वे पहुंचे थे, उसे लेकर उनकी आलोचना की गई, जबकि वह कार उनकी नहीं थी।

मदुरै से लोकसभा सदस्य वेंकटेशन ने कहा कि किसी व्यक्ति की दलील सिर्फ इसलिए गलत नहीं हो जाती कि वह प्रथम श्रेणी में यात्रा करता है और न ही कोई शयनयान श्रेणी में यात्रा करने से सही हो जाता है। उन्होंने कहा कि उन्हें कम्युनिस्ट होने पर गर्व है और साम्यवाद ने उन्हें सवाल उठाना सिखाया है। सांसद ने कहा कि वामपंथी नेताओं से अक्सर उनके कपड़ों और वाहनों को लेकर सवाल किए जाते हैं, लेकिन पार्टी के शुचिता और सादगी के सिद्धांतों के तहत वे ऐसे सवालों का जवाब देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

गौरतलब है कि सोमवार को जस्टिस स्वामीनाथन ने तमिलनाडु के सार्वजनिक पुस्तकालयों में पुस्तकों की खरीद में कथित अनियमितताओं से जुड़ी अवमानना याचिका पर खुली अदालत में सुनवाई के दौरान ये टिप्पणियां की थीं। जज ने करीब छह महीने पहले चेन्नई रेलवे स्टेशन पर सांसद से हुई मुलाकात का जिक्र करते हुए कहा था कि वेंकटेशन प्रथम श्रेणी वातानुकूलित डिब्बे में यात्रा कर रहे थे, जबकि वे खुद आमतौर पर शयनयान श्रेणी में यात्रा करते हैं।