मद्रास हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति जीआर स्वामीनाथन ने सीपीएम सांसद सु. वेंकटेशन की जीवनशैली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि वह महंगी मर्सिडीज-बेंज कार से चलते हैं, ब्रांडेड कपड़े पहनते हैं और फर्स्ट एसी में सफर करते हैं, लेकिन न्यायिक कर्तव्यों पर सलाह दे रहे हैं। यह टिप्पणी अदालत में चल रही एक अवमानना याचिका की सुनवाई के दौरान आई।

मामला तमिलनाडु के सार्वजनिक पुस्तकालयों के लिए किताबें खरीदने में कथित अनियमितताओं से जुड़ा है। सुनवाई के दौरान जस्टिस स्वामीनाथन ने सांसद की उस आलोचना का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कथित फर्जी किताबों की खरीद के प्रायश्चित के तौर पर पेरियार लाइब्रेरी में आध्यात्मिकता से जुड़ी किताबें रखने का सुझाव दिया था। इसी आलोचना के जवाब में न्यायाधीश ने सांसद की जीवनशैली का मुद्दा उठाया।

न्यायमूर्ति ने करीब छह महीने पहले चेन्नई रेलवे स्टेशन पर हुई मुलाकात का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वेंकटेशन खुद को कम्युनिस्ट नेता बताते हैं, लेकिन उनकी जीवनशैली इसके विपरीत नजर आती है। उनके मुताबिक, स्टेशन के बाहर एक मर्सिडीज-बेंज कार देखी गई थी, जिससे बाद में सांसद बाहर आते पाए गए। न्यायाधीश ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि किताबों की रॉयल्टी से ऐसी जीवनशैली चल सकती है या नहीं।

जस्टिस स्वामीनाथन ने बताया कि वह चेन्नई से मदुरै जाने के लिए पांडियन एक्सप्रेस पकड़ने पहुंचे थे, जहां सांसद वेंकटेशन से मुलाकात हुई। उन्होंने कहा कि वह आमतौर पर स्लीपर क्लास में यात्रा करते हैं और उनकी सीट एस3 कोच में 23 नंबर पर थी, जबकि सांसद फर्स्ट एसी में सफर कर रहे थे। इसी अंतर का जिक्र करते हुए न्यायाधीश ने कहा कि सांसद उन्हें बता रहे हैं कि एक जज के तौर पर उन्हें क्या करना चाहिए।