कर्नाटक के मंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार शाम बड़ा हादसा टल गया, जब बंगलूरू जा रही एक फ्लाइट को टेकऑफ के दौरान रोकना पड़ा। हवाई अड्डा प्राधिकरण के मुताबिक, यह घटना 16 नवंबर को शाम करीब 6:05 बजे हुई। रोकने के समय विमान जमीन पर ही था और हवा में नहीं उठा था। विमान में सवार सभी 229 यात्रियों और चालक दल के सात सदस्यों को सुरक्षित वापस पार्किंग बे में लाया गया। एयरलाइन की इंजीनियरिंग टीम ने तकनीकी जांच की, जिसके बाद विमान को 'एयरक्राफ्ट ऑन ग्राउंड' (एओजी) घोषित कर दिया गया, यानी तकनीकी खराबी दूर होने तक वह उड़ान के लिए उपयुक्त नहीं है। सभी यात्रियों को विमान से उतार लिया गया।

घटना के बाद हवाई अड्डे और एयरलाइन के कर्मचारी यात्रियों की मदद के लिए मौजूद रहे। बाद में एयरलाइन ने फंसे हुए यात्रियों को आगे की यात्रा पर भेजने के लिए बंगलूरू से एक विशेष विमान की व्यवस्था की। हालांकि, मूल विमान के 229 यात्रियों में से केवल 34 ने इस राहत विमान से यात्रा की। यह विमान 17 नवंबर की रात 12:10 बजे मंगलूरू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना हुआ। हवाई अड्डा प्राधिकरण ने बताया कि ब्रेक लगाने के बाद भी विमान का कुछ दूरी तक आगे बढ़ना ब्रेक लगाने के दौरान पैदा होने वाली स्वाभाविक गति के कारण था। प्राधिकरण के अनुसार, इस विमान में एक न्यायाधीश, एक विधायक के परिवार के सदस्य और बीजेपी के एक प्रमुख नेता भी सवार थे। विमान के विंग से चिंगारी निकलने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

इसी दिन बंगलूरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी इंडिगो की फ्लाइट 6E 6526 को टेकऑफ से ठीक पहले रोकना पड़ा। पायलट ने तकनीकी खराबी का पता चलने पर इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए, जिसके बाद केबिन क्रू ने यात्रियों को सिर नीचे करके सुरक्षित स्थिति में बैठने का निर्देश दिया। मदुरै जाने वाली यह फ्लाइट सुबह 7:20 बजे उड़ान भरने वाली थी। टेकऑफ की अनुमति मिलने के बाद विमान रनवे पर रफ्तार पकड़ रहा था, तभी चालक दल को तकनीकी खराबी का पता चला। विमान करीब 30 मिनट तक रनवे पर खड़ा रहा, इसके बाद यात्रियों को उतारकर टर्मिनल बिल्डिंग में ले जाया गया और सुबह 9:20 बजे की फ्लाइट से भेजा गया।

इससे पहले 6 सितंबर को 270 यात्रियों को लेकर लंदन जा रही वर्जिन अटलांटिक की एक फ्लाइट को भी टेकऑफ के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी के कारण बंगलूरू के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। यह जानकारी हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी बंगलूरू इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (बीआईएएल) ने दी थी।