मणिपुर के चंदेल जिले के चकपी करोंग इलाके में स्थानीय स्तर पर बनी शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि करीब 150 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। शक है कि शराब में जहरीला मेथनॉल मिला हुआ था। मृतकों और भर्ती मरीजों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
जिला मुख्यालय के सुमिल लांगहू के मुताबिक, पिछले दो से तीन दिनों में यह मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि मिली जानकारी के अनुसार यह शराब पीने से जुड़ा मामला है, हालांकि शराब कहां से आई थी, इसकी पक्की जानकारी उनके पास नहीं है। रिपोर्ट के मुताबिक लोगों की हालत इसी शराब पीने से बिगड़ी है। उन्होंने बताया कि शाम तक 15 लोगों की मौत हो चुकी थी और शिजा अस्पताल में 150 मरीज जांच के लिए आए थे। बाबिना अस्पताल में भी कई मरीजों का इसी तरह इलाज चल रहा है। प्रभावित लोगों में ज्यादातर चकपी करोंग और आसपास के इलाकों के रहने वाले हैं, जिनमें वयस्क से लेकर अधेड़ उम्र के लोग शामिल हैं।
शिजा अस्पताल एवं अनुसंधान संस्थान, इंफाल के संयुक्त प्रबंध निदेशक डॉ. चेतन हुंडोंगबाम ने बताया कि मरीजों के पहुंचने से पहले ही उन्हें चंदेल जिले की घटना की जानकारी मिल गई थी। उनके मुताबिक अब तक 140 मरीज अस्पताल आ चुके हैं, जिनमें से एक को मृत अवस्था में लाया गया था। तीन मरीजों की हालत गंभीर बताई गई है और उनका हीमोडायलिसिस किया जा रहा है। डॉ. हुंडोंगबाम ने बताया कि मरीजों की संख्या बढ़ने से अस्पताल की क्षमता पर दबाव पड़ा है और बिस्तर भर चुके हैं। मदद के लिए राज्य के स्वास्थ्य विभाग, क्षेत्रीय चिकित्सा विज्ञान संस्थान और जेनिम्स से संपर्क किया गया है ताकि मरीजों को दूसरे अस्पतालों में भेजा जा सके।
मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने शिजा अस्पताल पहुंचकर हालात का जायजा लिया और प्रभावित मरीजों तथा मेडिकल टीमों से मुलाकात की। डॉक्टर के मुताबिक मुख्यमंत्री ने सभी मरीजों को भरोसा दिया है कि राज्य का स्वास्थ्य विभाग जो कुछ भी कर सकता है, वह सब किया जाएगा। सुमिल लांगहू ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के सहयोग से वे खुश हैं और उन्होंने आर्थिक मदद देने का भरोसा दिया है।