मुंबई के कुर्ला इलाके में फीनिक्स मॉल के पास एक पार्क में कपल पर हमले का मामला सामने आया है। बताया जाता है कि 20 नवंबर को कपल तस्वीरें ले रहा था, तभी 8 से 10 साल के लड़कों के एक समूह ने उन पर टिप्पणियां कीं। आपत्ति जताने पर लड़कों ने कथित तौर पर डंडों से हमला कर दिया और उनका पीछा भी किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस ने इस सिलसिले में आठ लड़कों को हिरासत में लिया है, जिनकी उम्र 8 से 10 साल के बीच बताई जा रही है। कपल की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। डीसीपी गणेश शिंदे के मुताबिक, कानूनी कार्रवाई के लिए कपल को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा।
वायरल वीडियो में लड़कों का समूह कपल पर डंडों से हमला करता और सीढ़ियों पर उनका पीछा करता नजर आ रहा है। वीडियो में यह भी दिख रहा है कि पुरुष साथी के चेहरे पर घूंसा मारा गया और उसे पीछे से लात भी मारी गई।
भाजपा नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने दावा किया है कि पीड़ित कपल हिंदू है और हमलावर लड़के मुस्लिम समुदाय से हैं। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा कि पांच लड़कों के माता-पिता को नोटिस भेजा गया है। शिव सेना (यूबीटी) के नेता इंतेखाब फारुकी ने भी घटना की निंदा की है। बजरंग दल के कार्यकर्ता पार्क पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने पार्क के चौकीदार की आलोचना की और चेतावनी दी कि अगर बीएमसी सुरक्षा संबंधी चिंताओं को दूर नहीं करती तो वे खुद मामला सुलझाएंगे।
