पिछले साल जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आतंकियों के पास से बरामद अमेरिका में बने 'गोप्रो हीरो 12 ब्लैक' कैमरे के बारे में चीन से जानकारी मांगी थी, लेकिन सालभर बीतने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला है। NIA के महानिदेशक राकेश अग्रवाल ने शुक्रवार (20 नवंबर) को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जांचकर्ताओं ने इस मामले में कुछ फोरेंसिक सबूत जुटा लिए हैं।

अग्रवाल ने कहा कि एजेंसी को अब तक चीनी अधिकारियों से कोई जवाब नहीं मिला है, लेकिन कुछ फोरेंसिक सबूत उपलब्ध हैं। यह कैमरा पिछले साल 22 अप्रैल के हमले के बाद जुलाई में दाचीगाम के जंगलों में हुई मुठभेड़ में मारे गए आतंकवादियों के पास से बरामद हुआ था। इसका सीरियल नंबर C3501325471706 है। माना जा रहा है कि इस डिवाइस का इस्तेमाल आतंकी मॉड्यूल ने हमले से पहले रेकी, गतिविधियों की निगरानी और संभावित रिकॉर्डिंग के लिए किया था।

जांच के दौरान NIA ने कैमरे के स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए अमेरिकी निर्माता कंपनी गोप्रो से संपर्क किया। कंपनी ने बताया कि यह कैमरा मूल रूप से चीन में एक अधिकृत कमर्शियल डिस्ट्रीब्यूटर 'AE ग्रुप इंटरनेशनल लिमिटेड' को सप्लाई किया गया था और यह 30 जनवरी, 2024 को चीन के डोंगगुआन में एक्टिवेट हुआ था। कंपनी के पास इसके बाद के लेन-देन या अंतिम उपयोगकर्ता का कोई रिकॉर्ड नहीं है। चूंकि भारत और चीन के बीच कोई द्विपक्षीय 'म्यूचुअल लीगल असिस्टेंस ट्रीटी' (MLAT) नहीं है, इसलिए अनुरोध पर कानूनी और राजनयिक माध्यमों से कार्रवाई की जा रही है। गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद जम्मू की एक विशेष अदालत ने 2 मार्च को 'लेटर ऑफ रोगेटरी' के जरिए चीनी न्यायिक अधिकारियों से मदद मांगने की अनुमति दी थी।

जांचकर्ता यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि यह कैमरा चीनी वितरक से पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के हैंडलर्स तक कैसे पहुंचा। अधिकारियों के मुताबिक, इस बात की भी जांच की जा रही है कि क्या ये उपकरण पाकिस्तानी सेना ने हासिल किए थे और बाद में आतंकी समूहों को सौंप दिए थे।