ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) में अप्रेंटिसशिप के 3,047 पदों पर आवेदन करने का आज यानी 20 नवंबर को आखिरी मौका है। जिन उम्मीदवारों ने अब तक आवेदन नहीं किया है, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इस भर्ती के जरिये कुल 3,047 उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।

आवेदन के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से कक्षा 10वीं/12वीं, स्नातक, डिप्लोमा या संबंधित ट्रेड में आईटीआई का सर्टिफिकेट होना चाहिए। अप्रेंटिसशिप के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 24 वर्ष निर्धारित है। आयु की गणना 29 नवंबर, 2026 के आधार पर की जाएगी।

स्टाइपेंड की बात करें तो ग्रेजुएट अप्रेंटिस को प्रतिमाह 12,300 रुपये, डिप्लोमा अप्रेंटिस को प्रतिमाह 10,900 रुपये, कक्षा 10वीं/12वीं पास ट्रेड अप्रेंटिस को प्रतिमाह 8,200 रुपये, आईटीआई ट्रेड एक वर्ष के अप्रेंटिस को प्रतिमाह 9,600 रुपये और आईटीआई ट्रेड अप्रेंटिस को प्रतिमाह 10,560 रुपये दिए जाएंगे।

उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर दिए गए स्टेप्स की मदद से अपना फॉर्म भर सकते हैं। इच्छुक युवाओं को सलाह दी जाती है कि वे अंतिम तारीख से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।