पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने शुक्रवार को दिल्ली के पुराना किला में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में भारत-पाकिस्तान संबंधों को बेहतर बनाने में संस्कृति की अहम भूमिका बताई। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बातचीत और आपसी समझ बढ़ाने के लिए एक-दूसरे के रहन-सहन और तौर-तरीकों को समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि संस्कृति का महत्व केवल दो देशों तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए है और जब तक देश एक-दूसरे को ठीक से नहीं समझेंगे, बेहतर संबंध और विकास की संभावनाएं आगे नहीं बढ़ सकतीं।

एक पत्रकार द्वारा कुछ सवाल पूछे जाने पर मलिक ने कहा, 'सबसे पहले तो आप यहां मेजबान हैं और सवाल भी आप ही पूछ रहे हैं। ये तो ऐसा लगता है कि आपके जेहन में कोई खाका पहले से बना हुआ है।' सिंधु जल संधि पर पहले दिए गए बयान के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि वह इस पर अपनी बात रख चुके हैं और दोहराते हैं कि यहां सभी चर्चाएं बहुपक्षीय ढांचे के तहत हो रही हैं, इसी पर ध्यान देना चाहिए।

भारत और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा होने के सवाल पर मलिक ने कहा कि यह एक बहुपक्षीय कार्यक्रम है और यहां दोनों देशों के बीच किसी द्विपक्षीय मामले पर बातचीत नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत की ओर से कुछ बहुपक्षीय मुद्दों पर बात की गई है। उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्ते लंबे समय से तनावपूर्ण बने हुए हैं और कई मुद्दों पर मतभेद हैं।

भारत की मेजबानी में यह तीन दिवसीय SCO सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में हो रहा है। SCO की स्थापना साल 2001 में चीन के शंघाई में आयोजित शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी। भारत और पाकिस्तान साल 2017 में इसके स्थायी सदस्य बने, जबकि 2023 में ईरान को भी सदस्यता मिली। यह मंच सदस्य देशों के बीच राजनीतिक, आर्थिक, सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया है।