नई दिल्ली के पुराना किला में आयोजित एससीओ सभ्यता संवाद के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदर्शनी का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय परंपरा, संस्कृति और विरासत से जुड़े कई महत्वपूर्ण दस्तावेज देखे। शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) में 10 पूर्ण सदस्य देश शामिल हैं, जो दुनिया की करीब 42 फीसदी आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। संगठन का प्रमुख उद्देश्य आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद जैसी चुनौतियों से मिलकर मुकाबला करना है। एससीओ सभ्यता संवाद का आयोजन सदस्य देशों के बीच सभ्यताओं, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को साझा करने तथा आपसी समझ बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया है। इस संवाद का प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रखा था।

प्रदर्शनी में पीएम मोदी को लेजर तकनीक के माध्यम से पुराने किले की खुदाई और दिल्ली के करीब 2,100 साल पुराने इतिहास की झलक दिखाई गई। 'अस्तित्व' नाम की इस विशेष प्रदर्शनी में 10×10 मीटर के खुदाई स्थल को केंद्र में रखा गया है। लेजर इफेक्ट के जरिए खुदाई में मिले पुरातात्विक साक्ष्यों और अलग-अलग ऐतिहासिक कालखंडों की जानकारी प्रस्तुत की गई। यहां मौर्य काल से मुगल काल तक के अवशेषों के साथ चित्रित धूसर मृदभांड (पेंटेड ग्रे वेयर) और 1328 ईस्वी का संस्कृत शिलालेख भी प्रदर्शित किया गया है, जिसमें दिल्ली का उल्लेख इंद्रप्रस्थ के रूप में मिलता है।

इसके अलावा, अश्वमेध यज्ञ को दर्शाने वाली कलाकृति, कुषाण काल के चार कमरों वाले मकान का मॉडल और प्राचीन व्यापारियों के सिक्के भी प्रदर्शनी का हिस्सा हैं। इसका उद्देश्य भारत की प्राचीन सभ्यता, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है।

पुराना किला में एससीओ सभ्यता संवाद का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 15 देशों की सभ्यताओं के प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। संवाद में महाभारत काल से लेकर 1200 ईस्वी तक के ऐतिहासिक और पुरातात्विक साक्ष्य पेश किए जाएंगे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान के मंत्री भी एससीओ के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भारत पहुंचे हैं।