रास पूर्णिमा को कार्तिक पूर्णिमा के रूप में भी मनाया जाता है। वृंदावन के श्री बांके बिहारी लाल मंदिर के गोस्वामी सेवा समती के सदस्य एवं पंडित श्रीनाथ गोस्वामी के अनुसार शरद पूर्णिमा से कार्तिक मास का आरंभ होता है और यह पूरा महीना श्री राधारानी का माना जाता है। उन्होंने बताया कि जो लोग पूरे माह विशेष कार्य नहीं कर पाए, वे कार्तिक पूर्णिमा यानी रास पूर्णिमा के दिन कुछ विशेष उपाय करके राधा रानी का आशीर्वाद पा सकते हैं।
हिंदू पंचांग के अनुसार कार्तिक मास की पूर्णिमा को कार्तिक पूर्णिमा कहा जाता है, जिसे रास पूर्णिमा के रूप में भी मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी तिथि पर भगवान श्रीकृष्ण ने वृंदावन में गोपियों के साथ दिव्य महारास रचाया था, जिसमें राधा रानी का विशेष स्थान माना जाता है। यह दिन प्रेम, भक्ति और समर्पण का प्रतीक है और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाती है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार रास पूर्णिमा के दिन राधा रानी को प्रसन्न करने के लिए तुलसी के पौधे के पास घी का दीपक जलाना शुभ माना जाता है। शाम को स्नान करके साफ कपड़े पहनें, तुलसी के पास दीपक जलाएं और हाथ जोड़कर राधा-कृष्ण का ध्यान करें। इसके बाद सच्चे मन से परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की प्रार्थना करें। इस दौरान राधा रानी के मंत्र का जाप भी किया जा सकता है। मान्यता है कि श्रद्धा और विश्वास के साथ यह सरल उपाय करने से घर में सकारात्मकता आती है।
इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें, घर के मंदिर की सफाई करें और राधा-कृष्ण की प्रतिमा या तस्वीर के सामने दीपक जलाएं। भगवान को फूल, फल, मिठाई और तुलसी दल अर्पित करें तथा धूप-दीप दिखाकर आरती करें। राधा रानी को लाल या गुलाबी रंग के फूल चढ़ाना भी शुभ माना जाता है। कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है और इस दिन दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति की मान्यता है। शाम के समय घर के मंदिर, तुलसी के पौधे और संभव हो तो किसी पवित्र स्थान पर दीपक जलाते समय भगवान विष्णु, माता लक्ष्मी और राधा-कृष्ण का स्मरण करें। इस दिन जरूरतमंदों की सामर्थ्य के अनुसार अन्न, फल, वस्त्र या भोजन का दान करना भी पुण्यकारी माना जाता है।
अस्वीकरण: इस लेख में निहित जानकारी विभिन्न माध्यमों, ज्योतिषियों, पंचांग, प्रवचनों, मान्यताओं, धर्मग्रंथों और दंतकथाओं से संग्रहित की गई है। पाठकों से अनुरोध है कि इसे अंतिम सत्य या दावा न मानें और अपने विवेक का उपयोग करें।
