भारतीय वायुसेना के राफेल लड़ाकू विमानों की संख्या को लेकर एक ब्रिटिश एविएशन मैगजीन की रिपोर्ट चर्चा में है। मैगजीन ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि भारत ने फ्रांस से 36 राफेल विमान खरीदे थे, जिनमें से अब केवल 32 ही सक्रिय हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि वर्तमान में भारतीय वायुसेना के पास केवल 4 राफेल विमान ऑपरेशनल हैं। मैगजीन ने इस जानकारी के साथ एक नोट भी लगाया है, जिसमें कहा गया है कि दी गई जानकारी में किसी तरह की गलती होने पर उसकी कोई कानूनी जिम्मेदारी नहीं होगी। साथ ही इस आंकड़े के स्त्रोत की जानकारी भी नहीं दी गई है।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेवा दे चुके रिटायर वाइस एयर चीफ नर्मदेश्वर तिवारी ने इस रिपोर्ट को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि मैगजीन को अपने सोर्स फिर से जांचने की जरूरत है। उनका कहना है कि यह वही मैगजीन है, जिसने ऑपरेशन सिंदूर के बाद अपनी रिपोर्ट में 35 सक्रिय राफेल विमानों का जिक्र किया था। उन्होंने यह भी कहा कि जिस विमान के गिराए जाने का दावा किया गया था, उसका टेल नंबर कई युद्धाभ्यासों में हिस्सा ले चुका है।

रिपोर्ट के स्त्रोत पर एक सोशल मीडिया अकाउंट ने दावा किया है कि मैगजीन ने इसके लिए पाकिस्तान समर्थक पत्रकार एलन वॉर्न्स की रिपोर्टिंग का सहारा लिया है। वॉर्न्स पर यह भी आरोप लगाया जाता है कि पाकिस्तानी वायुसेना ने उन्हें प्रोपोगेंडा फैलाने के लिए 34,000 पाउंड का भुगतान किया था। वॉर्न्स ने ऑपरेशन सिंदूर को लेकर अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि भारत के चार राफेल विमान गिरे थे और इसके लिए बीएस-001, बीएस-021, बीएस-022 और बीएस-027 टेल नंबर बताए थे। हालांकि, गणतंत्र दिवस के फ्लाईपास्ट में बीएस-022 के उड़ान भरने से यह दावा झूठा साबित हुआ।

इससे पहले भी पाकिस्तान की ओर से किए गए कई दावे झूठे साबित हो चुके हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने दावा किया था कि भारतीय महिला पायलट शिवांगी सिंह के जेट को गिरा दिया गया है और उन्हें बंदी बना लिया गया है, लेकिन शिवांगी सिंह के राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के साथ फोटो सामने आने पर यह दावा खारिज हो गया। इसी तरह पाकिस्तान ने भारत के एयर डिफेंस सिस्टम एस-400 को मार गिराने का दावा किया था, जिसके बाद पीएम मोदी ने एस-400 के सामने तस्वीरें साझा की थीं। विशेषज्ञों के मुताबिक, भारतीय वायुसेना ने डिकॉय प्लेन्स का इस्तेमाल किया था, जिन्हें गिराकर पाकिस्तान भारतीय फाइटर जेट गिराने का दावा करता रहा है।