कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने माता-पिता के रिश्ते पर दिए अपने बयान को लेकर हो रही ट्रोलिंग के बाद मंगलवार को सोशल मीडिया पर भाजपा और RSS पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि डर, क्रोध और नफरत ने इनके समर्थकों के दिलों में ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम को महसूस करने और व्यक्त करने से रोकता है। अपनी पोस्ट के साथ उन्होंने शिव-पार्वती की तस्वीर भी साझा की।

यह मामला सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' की सोमवार को हुई आधिकारिक लॉन्चिंग से जुड़ा है, जहां राहुल ने माता-पिता से जुड़ा एक किस्सा सुनाया था। उन्होंने बताया था कि खाना खाते समय उनके पिता राजीव गांधी वहां होते थे और उनकी मां सोनिया गांधी उनकी गोद में बैठती थीं। राहुल ने कहा था कि बचपन में उन्हें यह सामान्य लगता था, लेकिन दोस्तों के घर जाकर ऐसा न देखने पर वे पूछते थे कि उनकी मां पिता की गोद में क्यों नहीं बैठतीं।

राहुल के इस बयान पर सोशल मीडिया पर दो तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। एक तरफ उन्हें सार्वजनिक मंच पर निजी पारिवारिक बातें साझा करने के लिए ट्रोल किया जा रहा है और उनके बयान पर मीम्स बनाए जा रहे हैं, तो दूसरी तरफ कुछ लोग इसे माता-पिता के बीच प्यार और अपनापन दिखाने वाली बचपन की याद बता रहे हैं। कुछ यूजर्स ने बयान को असहज करने वाला बताया, जबकि राहुल के समर्थकों का कहना है कि माता-पिता के रिश्ते में प्यार जताने के तरीके को मजाक का विषय नहीं बनाना चाहिए। असम के मुख्यमंत्री ने इस मामले में कहा कि सॉरी मैडम, आपको शर्मिंदगी से नहीं बचा सके।

इस बीच, सोनिया गांधी की किताब की दिल्ली में 16 नवंबर को आधिकारिक लॉन्चिंग हुई, जिसमें कार्यक्रम की शुरुआत में उनके जीवन पर एक शॉर्ट फिल्म दिखाई गई। इसे देखकर सोनिया गांधी भावुक हो गईं और कहा कि राजीव गांधी नहीं रहे तो वे टूट गई थीं, और राहुल तथा प्रियंका ने माता-पिता बनकर उन्हें संभाला। कार्यक्रम में राहुल और प्रियंका के साथ तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना, केरल और कर्नाटक के मुख्यमंत्री शामिल हुए। किताब 10 नवंबर को ही बाजार में आ चुकी थी।