लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को दावा किया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के समर्थकों के मन में भय, क्रोध और नफरत ने ऐसा जाल बुन दिया है, जो उन्हें प्रेम का अनुभव करने और उसे व्यक्त करने से रोकता है। उन्होंने कहा कि एक सच्चे हिंदू के तौर पर उनका कर्तव्य है कि वह इन लोगों को इस जाल से मुक्त करें। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया 'एक्स' पर अपनी पोस्ट के साथ भगवान शिव और माता पार्वती के उमा-महेश्वर स्वरूप को दर्शाती एक तस्वीर भी साझा की और पोस्ट के अंत में 'सत्यम शिवम सुंदरम' लिखा।
यह बयान राहुल गांधी की उन टिप्पणियों के बाद आया है, जो उन्होंने एक दिन पहले नई दिल्ली में अपनी मां सोनिया गांधी की पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के विमोचन समारोह में की थीं। उन्होंने अपने माता-पिता के प्रेम का जिक्र करते हुए कहा था कि भोजन के समय उनकी मां अक्सर उनके पिता राजीव गांधी की गोद में बैठकर खाना खाती थीं। सत्तापक्ष के समर्थकों द्वारा सोशल मीडिया पर इन टिप्पणियों की आलोचना की जा रही है।
असम के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी के नए पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा कि किसी व्यक्ति का पतन तब तेजी से शुरू होता है, जब वह ईश्वर के सामने नतमस्तक होने के बजाय स्वयं को ईश्वर की तरह प्रस्तुत करने लगता है। सरमा ने कहा कि साधारण मनुष्यों को शिव और पार्वती के रूप में दिखाना भक्ति नहीं, बल्कि अहंकार है और कोई भी गांधी या कोई भी इंसान कभी ईश्वर नहीं बन सकता।
इससे पहले हिमंत बिस्वा सरमा ने सोनिया गांधी की पुस्तक विमोचन के मौके पर राहुल गांधी की टिप्पणियों की भी आलोचना की थी और कहा था कि वह ऐसे खास मौके पर भी अपनी मां को शर्मिंदा होने से नहीं रोक पाए।
