समालखा बिजली डिवीजन में 42 हजार उपभोक्ताओं को डिफाल्टर घोषित किया गया है, जिन पर निगम का करीब 73 करोड़ रुपये बकाया है। दीपावली के बाद कार्यकारी अभियंता एमएस धीमान के निर्देश पर एसडीओ और जेई के नेतृत्व में बकाया वसूली के लिए 22 टीमें गठित की गई हैं। डिवीजन में कुल 1.33 लाख बिजली उपभोक्ता हैं।

छाजपुर में सात, समालखा और बापौली में पांच-पांच तथा बिहौली में चार टीमें लगाई गई हैं। अधिकारियों के अनुसार बार-बार संदेश भेजे जाने के बाद भी उपभोक्ता बिल भरने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। पांच हजार रुपये से अधिक बकाया वाले सभी डिफाल्टरों पर निगम सख्ती बरत रहा है।

टीमें बिल न भरने वालों के कनेक्शन काट रही हैं। एक बार कनेक्शन कटने के बाद उपभोक्ता को दोबारा नए सिरे से कनेक्शन लेना होगा। लाइनमैन को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि डिफाल्टरों के फाल्ट ठीक न किए जाएं; बिल भरने पर ही उनका फाल्ट ठीक किया जाएगा।

कार्यकारी अभियंता एमएस धीमान ने बताया कि एसडीओ के साथ बैठक कर रिकवरी के सख्त निर्देश दिए गए हैं और बकाया बिल न भरने वालों के कनेक्शन काटने को कहा गया है।