एसजी मार्ट का शेयर आज 12 फीसदी से अधिक की तेजी के साथ शुरुआती कारोबार में 1,238.70 रुपये के ऑल-टाइम हाई पर पहुंच गया। कंपनी ने 26 नवंबर 2026 को निदेशक मंडल की बैठक बुलाई है, जिसमें विभिन्न इक्विटी इंस्ट्रूमेंट्स के जरिए फंड जुटाने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। इसी खबर के बाद शेयर में यह उछाल देखा गया।
कंपनी इक्विटी शेयरों या कन्वर्टिबल सिक्योरिटीज समेत एक या अधिक इंस्ट्रूमेंट जारी करने पर विचार करेगी। जिन संभावित तरीकों पर चर्चा होगी, उनमें प्रेफरेंशियल इश्यू, राइट्स इश्यू, क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल प्लेसमेंट (QIP) या कोई अन्य स्वीकृत तरीका या इनका कोई कॉम्बिनेशन शामिल है।
पिछले महीने जारी दूसरी तिमाही के नतीजों में कंपनी का रेवेन्यू 156 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के मुकाबले 8% कम रहा, लेकिन पिछली तिमाही से 19% अधिक रहा। नेट प्रॉफिट 54 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले 104% और पिछली तिमाही के मुकाबले 19% अधिक है।
एसजी मार्ट एक भारतीय B2B डिस्ट्रीब्यूशन और मैन्युफैक्चरिंग प्लेटफॉर्म है, जो कंस्ट्रक्शन, इंफ्रास्ट्रक्चर और बिल्डिंग मटेरियल पर केंद्रित है। APL अपोलो ग्रुप परिवार के सदस्यों द्वारा प्रमोट की जाने वाली यह कंपनी देशभर में बिल्डरों, EPC कॉन्ट्रैक्टर्स, रियल एस्टेट डेवलपर्स, OEMs, डीलरों और रिटेलरों को उत्पाद सप्लाई करती है।
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गई है, निवेश की सलाह नहीं। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
