बॉलीवुड अदाकारा शर्वरी ने कहा है कि उनके माता-पिता उनके सबसे बड़े चियरलीडर और सबसे बड़े क्रिटिक हैं। उन्होंने बताया कि वह अपने परिवार का गर्व महसूस कराने के लिए ही इतना काम करती हैं, ताकि उनका सिर हमेशा ऊंचा रहे। शर्वरी के मुताबिक, मां और बड़ी बहन कस्तूरी के साथ उनका बहुत खास जुड़ाव रहा है और दोनों उनके रोल मॉडल हैं। वह उनसे सब कुछ साझा करती हैं और अपने काम पर परिवार की प्रतिक्रिया उनके लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है।

इस साल शर्वरी इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' और फिल्म 'ऐल्फा' के बाद सूरज बड़जात्या की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' में नजर आने वाली हैं। उन्होंने कहा कि इम्तियाज अली और सूरज बड़जात्या अपनी फीमेल करैक्टर को बहुत खूबसूरती से लिखते हैं, जिनमें नजाकत के साथ निडरता और जिद भी होती है। शर्वरी ने कहा कि इन दोनों मास्टर डायरेक्टर्स का उन्हें चुनना उनके लिए गर्व की बात है और इससे उन्हें उम्मीद मिलती है कि वह सही दिशा में जा रही हैं।

शर्वरी ने बताया कि वह शुरू से अलग-अलग तरह के किरदार निभाना चाहती थीं और किसी इमेज में नहीं बंधना चाहती थीं। उन्होंने 'वेदा', 'मैं वापस आऊंगा', 'मुंज्या', 'महाराज', 'ऐल्फा' और 'ये प्रेम मोल लिया' जैसी अलग दुनिया और किरदारों वाली फिल्मों का हिस्सा बनना रोमांचक बताया। उनके मुताबिक, जब उन्हें 'बंटी और बबली 2' मिली थी, तो उन्होंने सीधे घर पहुंचकर वह स्क्रिप्ट अपने माता-पिता के हाथ में रखी थी, क्योंकि उन्होंने उनका सात साल का संघर्ष बहुत करीब से देखा था।

सात साल लंबे ऑडिशन और रिजेक्शन के दौर में डटी रहने की वजह पूछे जाने पर शर्वरी ने कहा कि उनमें रुकने नहीं देने की जिद थी, जो उन्होंने अपने माता-पिता से सीखी। उन्होंने बताया कि रिजेक्ट होने पर भी वह फीडबैक मांगती थीं और हिंदी में मराठी एक्सेंट की बात कहने पर उन्होंने डिक्शन की क्लासेस लीं। उन्होंने ऐक्टिंग, डांस और डिक्शन की क्लासेस लेकर खुद को तैयार किया, ताकि मौका मिलने पर कोई यह न कह सके कि शर्वरी को यह नहीं आता।